all-the-bjp39s-tactics-to-take-over-shimla-zilla-parishad-have-been-defeated-congress
all-the-bjp39s-tactics-to-take-over-shimla-zilla-parishad-have-been-defeated-congress

शिमला जिला परिषद पर कब्ज़ा जमाने के भाजपा के सभी हथकंडे धरे के धरे रहे : कांग्रेस

शिमला, 11 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह चोर दरवाजे से जनमत चुरा कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उनका कहना है कि शिमला जिला परिषद पर अपना कब्जा जमाने के लिए भाजपा के सभी हथकंडे धरे के धरे रह गए। कांग्रेस की एकजुटता ने सिद्ध कर दिया है कि वह भाजपा के किसी भी प्रलोभन में आने वाले नहीं है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी व उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका व अन्य निर्वाचित सदस्यों के सम्मान में गुरूवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलदीप सिंह राठौर ने दावा किया कि अब प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आज के इस चुनाव को प्रभावित करने की भाजपा ने पूरी कोशिश की। प्रदेश में भाजपा को इन चुनावों में जनमत नहीं मिला, बावजूद इसके प्रलोभन देकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर उन लोगों को बिठाया जा रहा है जो भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों को हरा कर जीते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद अपने जिले में हारे हैं। नड्डा के गृह जिला बिलासपुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के गृह जिला सिरमौर में भी भाजपा ने जनमत का अपमान किया है। राठौर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मागदर्शन से शिमला जिला में कांग्रेस का बर्चस्व कायम है और आगे भी रहेगा। वीरभद्र सिंह का मार्गदर्शन कांग्रेस के लिए एक मजबूत आधार है जिसे कोई हिला नही सकता। उन्होंने कहा कि शिमला जिला परिषद में भाजपा के मंत्री राजनैतिक हथकंडा अपना रहें थे। मुख्यमंत्री कार्यालय व उनके कुछ अधिकारी भी इसमें पूरी तरह शामिल रहें है।उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अपनी सीमाओं को लांग रहें है उन पर कांग्रेस की पूरी नज़र है। राठौर ने कहा कि शिमला जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ व अनुभवी लोगों को बिठाया गया है और इसका निर्णय सभी विधायकों,पार्टी नेताओं से विचार विमर्श के बाद लिया गया। उन्होंने नव निर्वाचित सदस्यों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह जनभावनाओं के अनुरूप अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे। उन्होंने वामपंथी दलों का भी आभार प्रकट किया जिन्होंने उन्हें अपना समर्थन दिया। इस दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी व उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका ने अपने सम्बोधन में इस पद पर चुने जाने को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता से आगे बढेगे। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in