after-the-elections-of-panchayati-raj-institutions-the-chief-minister-has-now-taken-command-for-the-municipal-elections
after-the-elections-of-panchayati-raj-institutions-the-chief-minister-has-now-taken-command-for-the-municipal-elections

पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के बाद मुख्यमंत्री ने अब नगर निगम चुनावों के लिए संभाली कमान

धर्मशाला, 05 फरवरी (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के बाद मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अब प्रदेश में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए भी खुद कमान संभाल ली है। धर्मशाला सहित नए बनाए तीनों निगमों पर मुख्यमंत्री विशेष योजना पर काम करते हुए स्वयं मोर्चा संभाल रहे हैं। यही वजह है कि नगर निगम क्षेत्रों से भाजपा के एक वरिष्ठ नेता हटते हैं तो दूसरे बड़े नेता प्रवास पर पहुंच जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से भाजपा ने लगातार इन क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बीते दिनों धर्मशाला के बाद अब मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव कल से पालमपुर है। शिलान्यासों और उद्घाटन कार्यक्रमों के बहाने मुख्यमंत्री यहां नगर निगम चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करेंगे। नगर निगम चुनावों में जीत हासिल करने को सत्ताधारी दल ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप गुरूवार को कांगड़ा से रवाना हुए तो शनिवार को मुख्यमंत्री यहां पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पालमपुर में नए बने नगर निगम क्षेत्र के लिए दो दिन के दौरे पर आ रहे हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि इन चुनावों के लिए कितनी प्लांनिग के साथ काम चल रहा है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर अपने प्रवास के दौरान यहां विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्र के बुद्विजीवी लोगों से मिलने के अलावा और भी कई वर्गों के साथ मुलाकात करेंगे। इसके अलावा उद्घाटन व शिलान्यास के कार्यक्रम भी रखे गए हैं। नगर निगम चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। वह हर निगम क्षेत्र को गंभीरता से लेते हुए स्वयं अलग-अलग वर्गों के साथ बैठकर कर माहौल को पार्टी के पक्ष में बनाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा की सक्रियता के साथ ही कांग्रेस ने भी नगर निगम क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों की तैनाती कर अपनी फील्डिंग लगा दी है। ऐसे में हिमाचल के सभी नगर निगम क्षेत्रों में होने वाले चुनाव इस बार रोचक होंगे। पूर्व में शिमला और धर्मशाला दो ही नगर निगम थे। लेकिन इस बार पालमपुर, मंडी और सोलन नए नगर निगमों में भी चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में सत्ताधारी दल भाजपा इन चुनावों को प्रतिष्ठा बनाकर इसे 2022 के लिए माहौल से जोड़ते हुए सियासी दांव पेंच लगा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in