after-chief-minister-anurag-will-now-campaign-for-bjp-candidates-in-dharamshala
after-chief-minister-anurag-will-now-campaign-for-bjp-candidates-in-dharamshala

मुख्यमंत्री के बाद अब अनुराग भी धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशियों के लिए करेंगे प्रचार

धर्मशाला, 02 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने एक तरफ जहां धर्मशाला से बाहर के नेताओं को प्रचार न करवाने का फैसला किया है वहीं दूसरी ओर भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बाद अब केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को नगर निगम के चुनाव प्रचार के लिए धर्मशाला बुलाया गया है। अनुराग ठाकुर का शनिवार को एक दिवसीय दौरा नगर निगम धर्मशाला में चुनाव प्रचार को लेकर प्रस्तावित है। अनुराग शनिवार सुबह धर्मशाला पहुंचेंगे। इस दौरान वह नगर निगम धर्मशाला के कोतवाली बाजार, दाड़ी, सिद्धबाड़ी सहित कई अन्य वार्डों पर चुनावी जनसभाएं करेंगे। नगर निगम के चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहले ही धर्मशाला व पालमपुर में जनसभाएं कर चुके हैं और उसके बाद अब भाजपा द्वारा अनुराग ठाकुर को भी चुनावी जीत के लिए जनसभाएं करने के लिए आंमत्रित किया गया है। उनका धर्मशाला मे केवल एक ही दिन का दौरा होगा। भाजपा नगर निगम के चुनाव में जीत को लेकर कहीं भी पीछे नहीं रहना चाहती है, इसलिए वह अपने नेताओं के सहारे पार्टी के प्रत्याशियों की जीत को भी सुनिशिचत करना चाहती है। जिसे लेकर अब अनुराग ठाकुर का दौरा भी है। फिलहाल अनुराग ठाकुर का दौरा नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर ही है। वह केवल धर्मशाला में ही नगर निगम चुनाव को लेकर जनसभाएं करेंगे। धर्मशाला व पालमपुर नगर निगमों में बागी भी दोनों ही तरफ से पार्टी प्रत्याशियों की दिक्कतों को बढ़ा रहे हैं। ऐसे में अब भाजपा व कांग्रेस इन्हें दरकिनार कर पार्टी प्रत्याशियों की जीत को लेकर आगे बढ़ने की ओर अग्रसर भी है। धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम की जीत भाजपा व कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल भी बनी हुई है, तो वहीं दोनों ही नगर निगमों की जीत को लेकर भाजपा के बड़े नेताओं को प्रचार की कमान दी गई है। वन मंत्री एवं नगर निगम चुनाव धर्मशाला के प्रभारी राकेश पठानिया ने कहा कि केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को धर्मशाला नगर निगम में विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धर्मशाला नगर निगम में अपनी जनसभाएं कर चुके हैं। अब अनुराग ठाकुर भी भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in