पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का पथ प्रशस्त किया : सरोज पांडे
पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का पथ प्रशस्त किया : सरोज पांडे

पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का पथ प्रशस्त किया : सरोज पांडे

नई दिल्ली, 25 सितम्बर (हि.स.)। जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन सहित तमाम भाजपा पार्टी के नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद प्रवेश साहिब सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया सहित दिल्ली भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडे ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का पथ प्रशस्त किया जो आज भी लोगों के बीच उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि उन्होंने दूर तक का सोचा था। पांडे ने कहा कि 25 सितम्बर का यह दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए बहुमूल्य है क्योंकि आज एक ऐसे विराट व्यक्तित्व की जयंती है जो हम सभी लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और पथ प्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद जिसे हम सब पढ़ते हैं, हमने समाजवाद सुना, पूंजीवाद सुना लेकिन भारतीय दर्शन का एकात्म मानववाद वह रूप है जो हमारी संस्कृति से निकला है और संस्कृति को पोषित और पल्लवित करता है। पंडित उपाध्याय का बाल्यकाल बहुत अच्छा नहीं था। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार जिस तरह से रोजी रोटी के लिए संघर्ष करते हैं उसे उपाध्याय ने करीब से देखा था और अनुभव किया था। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी जाजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर कदम में अंत्योदय की कल्पना झलकती है। हमें जनता ने जब काम करने का अवसर दिया तब हमने उनके विजन को लागू करके दिखाया। उन्होंने कहा कि श्रम कानून में बदलाव हो, या कृषि विधेयक के माध्यम से किसानों को टेक्नोलॉजी से जोड़ना, नई शिक्षा नीति में बदलाव, आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब, वंचित वर्ग के लोगों को इलाज में 5 लाख रुपये तक की राहत देने का काम, रेहड़ी पटरी वालों को बिना किसी ब्याज के 10,000 तक का लोन, कोरोना संकट के कारण नवंबर तक गरीबों को मुफ्त राशन देने का काम मोदी सरकार के कार्यकाल से हुआ है। प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने बताया कि इस अवसर पर दिल्ली के लगभग 13000 से भी ज्यादा बूथों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना। हिन्दुस्थान समाचार/वीरेन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in