ताहिर हुसैन की सदस्यता रद्द होने पर भाजपा नेताओं ने आदेश गुप्ता का जताया आभार
ताहिर हुसैन की सदस्यता रद्द होने पर भाजपा नेताओं ने आदेश गुप्ता का जताया आभार

ताहिर हुसैन की सदस्यता रद्द होने पर भाजपा नेताओं ने आदेश गुप्ता का जताया आभार

नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स)। उत्तर पूर्वी दिल्ली में फरवरी माह में हुऐ दंगों के मुख्य आरोपित नेहरू विहार से आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद ताहिर हुसैन की सदस्यता बुधवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने खत्म कर दी है। हुसैन की सदस्यता खत्म होने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं भाजपा के नेताओं ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का आभार प्रकट किया। भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि काफी समय से नेहरू विहार वार्ड की प्रमुख कालोनियों नेहरू विहार, दयालपुर, चंदू नगर, मूंगा नगर की आरडब्ल्यूए के आलावा स्थानीय मंदिर सभाओं के प्रतिनिधि राजवीर सिंह भाटी, अरुण भाटी, महेन्द्र शर्मा, तिलक राम यादव, राजेश गौड़, देवराज ठाकुर, सुशील शर्मा आदि लगातार ताहिर हुसैन की बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे। कपूर ने कहा कि वह स्वयं भी लगातार दो माह से सोशल मीडिया पर एवं आदेश गुप्ता सहित वरिष्ठ नेताओं को पत्र लिख कर ताहिर हुसैन की सदस्यता समाप्त करवाने का अभियान चला रहे थे, जिसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने जन आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नेताओं से बात कर ताहिर हुसैन की सदस्यता समाप्त करवाई। उन्होंने कहा कि हम मिलकर दंगा पीड़ितों के पुनर्वास में उनका पूरा सहयोग करेंगे। उल्लेखनीय है कि दिल्ली दंगों में संलिप्तता का आरोप लगने के बाद ताहिर हुसैन को आम आदमी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। हिन्दुस्थान समाचार/वीरेन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in