अपडेट...कॉस्मेटिक सामान बनाने वाली फैक्टरी में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत

updates--a-horrific-fire-in-a-cosmetic-goods-factory-an-employee-died
updates--a-horrific-fire-in-a-cosmetic-goods-factory-an-employee-died

नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तरी जिला के प्रताप नगर इलाके में कॉस्मेटिक सामान बनाने वाली एक फैक्टरी में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि दूसरा झुलस गया। आग की सूचना मिलते ही शुरूआत में दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन हालात बिगड़ने लगे तो दमकल की 16 और गाड़ियों को आग पर काबू के लिए भेजा गया। करीब सवा पांच घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी की पहचान उपचंद कुमार (35) के रूप में हुई है। वहीं घायल दूसरे कर्मचारी सुशील(22) को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग पर काबू पाने के दौरान एक दमकलकर्मी मामूली रूप से झुलस गया जबकि दो अन्च चोटिल हो गए। गुलाबी बाग पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक रामबाग, पीर बगीची, प्रताप नगर में गौतमबुद्ध नगर निवासी संजय नामक शख्स की कॉस्मटिक सामान बनाने की एक फैक्टरी है। यहां करीब 800 गज की फैक्टरी में भूतल और पहली मंजिल पर लिपस्टिक बनाने का काम होता है जबकि दूसरी मंजिल पर टिन शेड डालकर प्लास्टिक के खिलौने पेकिंग का काम होता है। शनिवार तड़के करीब 3.47 बजे अचानक पहली मंजिल पर आग लग गई। हादसे के समय पहली मंजिल के एक कमरे में कर्मचारी उपचंद कुमार सोया हुआ था। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल की कुल 28 गाड़ियों को काम पर लगाया गया। इस बीच भूतल पर मौजूद दूसरा कर्मचारी सुशील भी झुलस गया। उसे कैट्स एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। आग पहली मंजिल से होते हुए दूसरी मंजिल पर पहुंच गई। सुबह 9.00 बजे किसी तरह आग पर काबू पाया गया। बाद में तलाशी के दौरान एक कमरे से बुरी तरह जला हुआ उपचंद का शव बरामद हुआ। उपचंद के चाचा जितेंद्र शाह ने बताया कि वह कई सालों से संजय की फैक्टरी में काम कर रहा था। उपचंद का परिवार बिहार के सिवान में रहता है। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। आग पर काबू पाने के दौरान फायर ऑपरेटर बलराम के हाथ झुलस गए। वहीं भंवर सिंह और कुलदीप के हाथ कांच की वजह से कट गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग के कारणों का पता लगाने का काम शुरू कर दिया है। शुरूआती जांच के बाद आशंका व्यवक्त की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in