the-undertrials-released-on-parole-return-to-prison
the-undertrials-released-on-parole-return-to-prison

पैरोल पर छोड़े गए विचाराधीन कैदियों की जेल में वापसी

नई दिल्ली, 08 फरवीर (हि.स.)। कोरोना महामारी के दौरान इमरजेंसी पैरोल पर छोड़े गए विचाराधीन कैदियों की जेल में वापसी प्रक्रिया शुरू हो गयी है। पहले दिन 14 कैदी जेल में वापस लौटे। जेल प्रशासन का कहना है कि वापस आये कैदियों को मंडोली स्थित अस्थायी जेल परिसर में 14 दिन रखा जाएगा। इस दौरान उनकी कोविड जांच करवायी जाएगी। रिपोर्ट में सही पाये जाने पर उन्हें जेल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि जमानत पर जेल से बाहर निकले कैदी जमानत अवधि खत्म होने के बाद एक एक कर जेल में वापस आ जाएंगे। यह प्रक्रिया करीब एक माह तक चलने की संभावना है। कोरोना महामारी के दौरान जेल में बंद कई कैदी इस महामारी के चपेट में आ गये। जेल परिसर में क्षमता से ज्यादा कैदी होने की वजह से सामाजिक दूरी बनाए रखने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। जिसको देखते हुए करीब 4250 कैदियों को इमरजेंसी पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था। इसमें से 31 सौ विचाराधीन कैदी थे जबकि 1150 कैदी सजायाफ्ता कैदी थे। कोरोना महामारी का खतरा कम होने के बाद अब जेल प्रशासन ने पैरोल पर छोड़े गये कैदियों की वापसी शुरू करायी है। हाल में ही जेल मुख्यालय ने सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश दिया था कि वह अपने अपने जेल से छोड़े गये कैदियों से संपर्क कर उन्हें वापस लौटने के लिए कहें। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in