Like Delhiites, Center does not trust BJP-ruled MCD: Pathak
Like Delhiites, Center does not trust BJP-ruled MCD: Pathak

दिल्लीवासियों की तरह केंद्र को भी भाजपा शासित एमसीडी पर भरोसा नहीं: पाठक

नई दिल्ली, 29 दिसंबर (हि. स.)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली की जनता और विपक्षी पार्टियों की तरह ही अब केंद्र सरकार को भी भाजपा शासित एमसीडी पर भरोसा नहीं है और इसीलिए नाॅर्थ एमसीडी द्वारा मांग करने के बावजूद केंद्र सरकार ने 2000 करोड़ रुपए अभी तक नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नाॅर्थ एमसीडी के मेयर ने 19 अक्टूबर को राज्य वित्तमंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर 2000 करोड़ रुपए मांगे थे। भाजपा शासित केंद्र सरकार को भी लगता है कि अगर वो पैसा देती है, तो उसे भी भाजपा नेता खा जाएंगे। बीजेपी को एमसीडी की सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सिर्फ दिल्ली के लोग ही नहीं, बल्कि अब उनकी पार्टी के नेता भी बीजेपी शासित एमसीडी पर विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एमसीडी में 2500 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर कांग्रेस क्यों चुप है? अभी तक कांग्रेस के किसी नेता या पार्टी की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया या विरोध नहीं जाहिर किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर जयप्रकाश 19 अक्टूबर 2020 को राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले थे। हमें ऐसा सुनने में आया है कि मेयर साहब ने राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर से नगर निगम के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपए की सहायता का प्रस्ताव उनके समक्ष रखा था। बेहद ही अफसोस के साथ हमें यह बताना पड़ रहा है कि लगभग ढाई महीना बीत चुका है, परंतु केंद्र की ओर से अभी तक उत्तरी नगर निगम के मेयर साहब जय प्रकाश के निवेदन पर कोई सुनवाई नहीं की गई है। सहायता के नाम पर अब तक केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने एक भी रुपया भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम को नहीं दिया है। केंद्र में बैठी भाजपा सरकार द्वारा भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम की इस अपील को अनदेखा करना, इस बात को सत्यापित करता है कि अब तो केंद्र को भी भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम पर भरोसा नहीं रहा, उन्हें भी शायद यह लगने लगा है कि यदि यह 2000 करोड़ रुपये उनको दिए गए, तो नगर निगम में स्थापित भाजपा के नेता इन पैसों को भी डकार जाएंगे। यह बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम केंद्र में बैठी अपनी ही पार्टी की सरकार का विश्वास नहीं जीत पा रही है। हिन्दुस्थान समाचार /प्रतीक खरे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in