aap-accuses-bjp-leaders-have-deep-connection-with-land-mafia
aap-accuses-bjp-leaders-have-deep-connection-with-land-mafia

आप का आरोप, भू-माफियाओं से भाजपा नेताओं का गहरा नाता

नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी को अवैध तरीके से संपत्तियों की खरीद-फरोख्त कर रहे निगम पार्षद का करीबी बताया है। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि ‘भाजपा नेताओं का दिल्ली में भू-माफियाओं से बेहद गहरा नाता है। पार्टी ने मांग की है कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता इस मामले पर क्या कार्रवाई करने वाले हैं।’ आप प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ‘जब 2017 में अमित शाह ने अपने सभी पार्षदों को बदलने का फैसला लिया था वो इस कारण लिया था क्योंकि वो जानते थे कि पुराने पार्षद जनता के बीच बदनाम हो चुके हैं। लेकिन जो नये पार्षद बनाए गए हैं वो पहले वालों का भी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। उनमें से एक हैं दक्षिणी दिल्ली वार्ड के पार्षद संजय ठाकुर।’ आप प्रवक्ता ने कहा कि ‘दिल्ली में संजय ठाकुर का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सरकारी जमीन पर कब्जा करके उन्होंने अपना घर बनाया हुआ है। ये लोग दूसरों की प्रॉपर्टी के कागजात अपनी पत्नी के नाम पर बनाकर बेच देते हैं। शिकायतकर्ता में एक व्यक्ति का नाम मनोज प्रसाद मिश्रा हैं, जिन्होंने अपनी शिकायत में मनोज तिवारी का नाम भी लिखा है। इस शिकायत में मनोज तिवारी के भतीजे का भी नाम है, जिसमें उसके द्वारा पीड़ित पर जानलेवा हमला किया गया।’ उल्लेखनीय है कि अगले वर्ष 2022 में दिल्ली में नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। लेकिन उसके लिए राजनीतिक बिसात अभी से बिछने लगी है। आम आदमी पार्टी और निगम पर काबिज भाजपा के बीच अभी से ही खींचतान शुरू हो गई है। हिन्दुस्थान समाचार/श्वेतांक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in