हर दौर में न्याय के साथ विकास  करना हमारी प्रतिबद्धता : नीतीश कुमार
हर दौर में न्याय के साथ विकास करना हमारी प्रतिबद्धता : नीतीश कुमार

हर दौर में न्याय के साथ विकास करना हमारी प्रतिबद्धता : नीतीश कुमार

बक्सर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हर दौर में न्याय के साथ विकास करना हमारी प्रतिबद्धता रही है। यह प्रतिवद्धता कल भी थी, आज भी है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हाथों में बिहार की बागडोर मिलने के बाद बड़ी शिद्दत से सूबे को हमने संवारा है। आज जब मैंं बिहार की सरजमीं पर खड़े होकर विकास की बातें करता हूं तो जनता मेरी कही गई बातों पर भरोसा करती है। कारण है कि विगत पन्द्रह वर्षों से जनता का हमेंं भरपूर प्यार और साथ मिला है। मुख्यमंत्री रविवार की दोपहर चौसा स्थित हाईस्कूल के प्रांगण में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पन्द्रह वर्ष पूर्व के बिहार की तस्वीर को उकेरते हुए कहा कि उस वक्त बिहार की इसी जनता ने तत्कालीन राजद सरकार को सूबे की बागडोर सौंपी थी, पर क्या हुआ पति -पत्नी की मिली-जुली सरकार ने विकास की जगह अपहरण,लूट, हत्या, जातीय नरसंहार को उद्योग के रूप में परिवर्तित कर बिहार में विकास नहीं विनाश की गाथा लिख डाली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पुनः बिहार चुनाव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में हमें विश्वास ही नहीं अति आत्मविश्वास है कि बिहार में हुए विकास को देखते हुए जनता पुनः सरकार बनाने के लिए एनडीए गठबंधन को मौक़ा देगी। उन्होंने ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में चुनाव एक कठिन परीक्षा है। पुनः एक बार कोरोना विदेशों में अपना सर उठाने लगा है। ऐसे समय में देश प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ा हो कोरोना से संघर्ष कर रहा है और जीत भी रहा है। विकास के पथ पर अग्रसर बिहार के पहिये को रोकने के लिए कुछ राजनीतिक पार्टियां महागठबंधन के नाम पर दुष्प्रचार कर रही हैंं, पर यह बिहार है और जनता सब जानती है। इस मौके पर उपस्थित बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के विकास को आज पूरा देश अचंभित हो देख रहा है। नीतीश सरकार ने अपने पन्द्रह वर्षोंं के शासन काल में सूबे की सड़कों का कायाकल्प किया। नदियों पर पुलों का जाल सा बिछा दिया है। यही कारण है कि आज सड़क मार्ग को लोग पसंद कर रहे हैं। अपराध पर अंकुश लगने,पूर्ण शराबबंदी होने के नफा—नुकसान का गणित बैठा कर ही जनता यह तय कर चुकी है कि इस बार भी बिहार में पुनः एनडीए की ही सरकार बनेगी। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने राजपुर सुरक्षित सीट से जदयू प्रत्याशी संतोष निराला और बक्सर विधानसभा की सीट से भाजपा प्रत्याशी परशुराम चतुर्वेदी को विजयी बनवाने का वचन स्थानीय जनता से लिया। चौसा की सभा समाप्त कर दोनों ही नेता डुमरांव में एनडीए की नवानगर में आयोजित सभा के लिए प्रस्थान कर गये। हिन्दुस्थान समाचार /अजय मिश्रा/हिमांशु शेखर /विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in