विस अध्यक्ष विजय चौधरी समेत 12 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में बंद
विस अध्यक्ष विजय चौधरी समेत 12 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में बंद

विस अध्यक्ष विजय चौधरी समेत 12 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में बंद

कोरोना के शिकार हुए दो दिवंगत मंत्रियों के परिजन भी हैं चुनाव मैदान में राजद से अब्दुल बारी सिद्दीकी, जाप सुप्रीमो पप्पू यादव व वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी पर भी टिकी हैं सबकी निगाहें पटना, 07 नवम्बर (हि.स.) । बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान में शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सहित एक दर्जन मंत्रियों तथा कई अन्य दिग्गजों की किस्मत मतदाताओं ने लिख दी है। इस चरण के मतदान में एक मुख्यमंत्री प्रत्याशी पप्पू यादव के भाग्य का फैसला भी होना है। दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी बुंदेला , चर्चित मुखिया रितु जायसवाल तथा आनंद मोहन की पत्नी व पूर्व सांसद लवली आनंद भी मैदान में हैं। बता दें कि तीसरे चरण में कोसी, मिथिलांचल व सीमांचल इलाकों के 15 जिलों के 78 विधानसभा क्षेत्रों में 2.35 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने कुल 1203 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया है। तीनों चरण के मतदान की मतगणना 10 नवंबर को होगी। तीसरे चरण में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सरायरंजन से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल के अरविंद कुमार सहनी से है। जनता दल यूनाइटेड के नेता व ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव सुपौल से, भूमि सुधार व राजस्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव आलमनगर से, योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर से, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मदन सहनी बहादुरपुर से, अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण मंत्री रमेश ऋषिदेव सिंघेश्वर से, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद सिकटा से, लक्ष्मेश्वर राय लौकहा से तथा गन्ना मंत्री बीमा भारती रूपौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा मुजफ्फरपुर से, पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा बेनीपट्टी से, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार मोतिहारी से और वन एवं पर्यावरण मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि बनमनखी से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इन प्रत्याशियों पर टिकी है खास नजर तीसरे चरण के मतदान में राजद के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी केवटी से, पूर्व सांसद लवली आनंद सहरसा से, चर्चित मुखिया रितू जायसवाल परिहार से राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह पूर्व मंत्री व लोक गायक विनय बिहारी भाजपा के टिकट पर लौरिया से चुनाव मैदान में हैं। राजद के टिकट पर बिहारीगंज से प्रत्याशी शरद यादव की बेटी सुभाषिनी बुंदेला पर भी सभी की नजरें टिकीं हैं। तीसरे चरण में इनकी भी है चर्चा विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी सिमरी बख्तियारपुर से प्रत्याशी हैं तो अपने गठबंधन से मुख्यमंत्री पद के दावेदार व जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव मधेपुरा से किस्मत आजमा रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री रहे दिवंगत विनोद कुमार सिंह की पत्नी निशा सिंह प्राणपुर, दिवंगत मंत्री कपिलदेव कामत की पुत्रवधू मीना कामत बाबूबरही से तो वैशाली से लोजपा सांसद वीणा सिंह की बेटी कोमल सिंह गायघाट से लोजपा की प्रत्याशी हैं। सर्वाधिक 46 सीटों पर लड़ रहा राजद तीसरे चरण में सर्वाधिक 46 सीटों पर राजद चुनाव मैदान में है। महागठबंधन में तीसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में कांग्रेस 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में जनता दल यूनाइटेड सर्वाधिक 37 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है जबकि, 35 सीटों के साथ भाजपा दूसरे स्थान पर है। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव रंजन/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in