दिनकर विश्वविद्यालय का मामला पहुंचा केंद्रीय मंत्री के पास, राकेश सिन्हा ने लिखा पत्र
दिनकर विश्वविद्यालय का मामला पहुंचा केंद्रीय मंत्री के पास, राकेश सिन्हा ने लिखा पत्र

दिनकर विश्वविद्यालय का मामला पहुंचा केंद्रीय मंत्री के पास, राकेश सिन्हा ने लिखा पत्र

बेगूसराय, 23 सितम्बर (हि.स.)। बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग तूल पकड़ चुकी है। बुधवार को इस मांग को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे बेगूसराय के लोगों ने सोशल मीडिया पर हैशटैग चलाया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित बेगूसराय के लोगों की मांग पर राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को को पत्र लिख कर दिनकर जी के नाम विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग रखी है। केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सार्थक शिक्षा नीति लाई गई है। शिक्षा के क्षेत्र में यह नीति आमूल परिवर्तन करने में सक्षम साबित होगा। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की आज 112वीं जयंती है। दिनकर जी राज्य सभा में दो बार रहे, उनकी कृति ने मूल्यपरक साहित्य और मूल्य आधारित सार्वजनिक जीवन दोनों को स्थापित करने का काम किया है। रश्मिरथी, कुरुक्षेत्र, परशुराम की प्रतीक्षा जैसे कई कालजयी रचनाओं ने भारत और भारत के बाहर हिंदी को समृद्ध किया है। उनकी जन्मस्थली बेगूसराय के सिमरिया में है। बेगूसराय शिक्षा की दृष्टि से तो आगे है, लेकिन शिक्षण संस्थाओं की दृष्टि से पीछे है। बेगूसराय और इसके आसपास के जिलों की प्रतिभाओं को भौगोलिक एवं अन्य कठिनाइयों के बीच उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है। हजारों छात्र-छात्राओं को अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए पहल की जाए, जो ना सिर्फ दिनकर जी को श्रद्धांजलि होगी, बल्कि शिक्षा से जुड़े हुए लोगों का सम्मान और अभिनंदन ही होगा। इधर प्रो. राकेश सिन्हा के पत्र लिखने पर वनवासी कल्याण आश्रम के जिलाध्यक्ष शम्भू कुमार ने कहा कि यहां की मांग से अवगत कराया गया और उन्होंने तुरंत इस पर संज्ञान लिया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष संजय सिंह, देवानंद कुशवाहा, रामकल्याण सिंह, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांतीय समरसता प्रमुख अमरेंद्र सिंह, उषा रानी एवं संदीप अग्रवाल आदि ने खुशी जाहिर की है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in