जल, जीवन और हरियाली के लिए बेगूसराय ने पूरा किया 5.3 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य
जल, जीवन और हरियाली के लिए बेगूसराय ने पूरा किया 5.3 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य

जल, जीवन और हरियाली के लिए बेगूसराय ने पूरा किया 5.3 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य

बेगूसराय, 09 अगस्त (हि.स.)। बिहार पृथ्वी दिवस के मौके पर रविवार को जिला भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण की धूम मची रही। मिशन 2.51 करोड़ वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत बेगूसराय में पांच लाख 30 हजार पौधा लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम को लेकर सरकारी कार्यालयों को जागरूकता के लायक आकर्षक तरीके से सजाया गया था। जल, जीवन और हरियाली के लिए अति महत्वाकांक्षी इस अभियान के तहत जिला से लेकर पंचायत स्तर तक में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के एस.के. महिला कॉलेज में आयोजित किया गया। जहां डीएम अरविन्द कुमार वर्मा ने नीम का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद डीडीसी सुशांत कुमार, महापौर उपेंद्र प्रसाद सिंह, नगर आयुक्त अब्दुल हमीद एवं डीपीआरओ भुवन कुमार समेत अधिकारियों तथा कॉलेज के प्राचार्य समेत अन्य शिक्षकों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डीएम अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि पर्यावरण रक्षा के लिए जल, जीवन, हरियाली अभियान बहुत जरूरी है। इस अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ ही हम सबको जल संरक्षण एवं बिजली संरक्षण की दिशा में भी लगातार काम करना होगा। सिर्फ पौधा लगाने से नहीं होगा, पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन भी बहुत ही आवश्यक है। पौधा को सुरक्षित रखने के उद्देश्य मनरेगा द्वारा ढ़ाई लाख से अधिक पौधा लगाने के साथ-साथ वन पोषक को भी नियुक्त किया गया है। डीएम ने बताया कि जिला में पांच लाख 30 हजार पौधा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकारी दिशा निर्देश के आलोक में 20 दिन से पौधा लगाने का कार्य चल रहा था। जिसमें से करीब चार लाख 80 पौधे शनिवार तक लगा दिए गए थे। शेष लक्ष्य की प्राप्ति रविवार को कर ली गई। मिशन 2.51 करोड़ वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 250250, जीविका द्वारा 131617, विभिन्न सरकारी कार्यालय एवं पीएसयू द्वारा 69020, एग्रोफोरेस्ट्री के माध्यम से 60100, वन विभाग द्वारा 17010 तथा गैर सरकारी संगठनों द्वारा 2000 पौधे लगाए गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/च-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in