जंगलराज बनाम सुशासन के बीच है लड़ाई, फिर बनेगी एनडीए की सरकार:संजय जायसवाल
जंगलराज बनाम सुशासन के बीच है लड़ाई, फिर बनेगी एनडीए की सरकार:संजय जायसवाल

जंगलराज बनाम सुशासन के बीच है लड़ाई, फिर बनेगी एनडीए की सरकार:संजय जायसवाल

आरा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आरा विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीति की पारी खत्म करते हुए अमरेंद्र प्रताप सिंह भाजपा की तरफ से एनडीए के उम्मीदवार हैं और इन्होंने विधायक रहते आरा के लोगों के मान सम्मान की हिफाजत की है। क्षेत्र में विकास की गंगा भी बहाई है। इन्हें भारी मतों के अंतर से जिताकर विधानसभा भेजिये। सूबे में एनडीए की सरकार बनेगी और इन्हें मंत्री बनाकर रिटायर करेंगे। ये बातें आरा के नवादा, मैना सुंदर धर्मशाला,आरण्य देवी स्थान मुहल्ले, भलुहीपुर और रमगढ़िया मुहल्ले में भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में व्यवसायियों और आम नागरिकों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहीं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बुधवार की देर रात तक आरा के मतदाताओं और नागरिकों से जनसंपर्क करते रहे। आरा के आरण्यदेवी मंदिर के निकट भाजपा व्यवसाय मंच के जिला संयोजक प्रेम पंकज उर्फ ललनजी द्वारा आयोजित एक बड़ी मीटिंग को संबोधित करते हुए डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार अब सुशासन का प्रतीक बन गया है। अब वो जमाना नहीं रहा जब शाम होते ही शहर वीरान हो जाते थे। व्यवसायी अपनी दुकान और कारोबार बंद कर सूर्यास्त होते ही घरों को लौट जाते थे। लालटेन की रोशनी में राज्य में अनैतिक और आतंक का राज कायम था। जंगलराज में बिहार जीने को मजबूर था। उन्होंने कहा कि बिहार में नया सवेरा हुआ और जब एनडीए की सरकार बनी तो चारों तरफ विकास की रोशनी पसरने लगी। आतंक और अन्याय को खत्म किया गया।प्रशासनिक अधिकारियों पर राजनीतिक हस्तक्षेप बन्द किये गये और उन्हें बिहार में अमन—चैन बहाल करने की पूरी आजादी दी गई। नतीजा हुआ कि एनडीए के सख्त शासन से जंगलराज को सुशासन में तब्दील किया गया और 15 सालों में बिहार न्याय के साथ विकास की राह पर चल पड़ा है। सबका साथ सबका विकास अभियान जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने आरा के मतदाताओं में जोश भरे और कहा कि पीएम मोदी ने वह कार्य करके दिखाया है जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। यह सिर्फ भाजपा और पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत इरादों का परिणाम है कि देश मे भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण अय्योध्या में प्रारंभ हो चुका है। कश्मीर से धारा 370 को खत्म किया गया है। वैश्विक महामारी कोविड-19 से निपटने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यों की न सिर्फ भारत मे बल्कि दुनिया में तारीफ हो रही है। उन्होंने आरा से अमरेंद्र प्रताप सिंह को जिताकर सूबे में एनडीए की सरकार बनाने की लोगों से अपील की। इस दौरान भाजपा के व्यवसाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक प्रेम पंकज ने कहा कि आरा से अमरेंद्र प्रताप सिंह की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी। यहां लड़ाई सीधे जंगलराज बनाम सुशासन के बीच है। जनता जंगलराज की पुनर्वापसी को कतई तैयार नहीं है और महागठबंधन आरा में औंधे मुंह गिरेगा। निर्दलीय अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल को फूलों की माला और पगड़ी देकर सम्मानित किया और उन्हें इस चुनाव का सारथी बताया। आरा की बैठकों में आरा के एनडीए उम्मीदवार अमरेंद्र प्रताप सिंह भी शामिल थे। उन्होंने मतदाताओं से एक मौका और आखरी मौका देने की अपील करते हुए कहा कि चाहे किसी ने कभी मुझे कुछ भी कहा मैंने किसी को आज तक अपमानित नहीं किया है। मैंने आरा की जनता का हमेशा सम्मान किया है उन्हें आदर दिया है और उनके हर फैसलों को सर आंखों पर बिठाया है। इस चुनाव में अपना मत कमल पर ही बटन दबाकर देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आरा को कभी शाहीनबाग नहीं बनने देंगे और शाहीनबाग बनाने का सपना देखने वालों के सपने चूर—चूर कर देंगे। आरा की सभी बैठकों की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रेम रंजन चतुर्वेदी ने की। प्रदेश अध्यक्ष की चुनावी बैठकों में भाजपा नेता और वार्ड पार्षद पति अशोक सिंह, भाजपा के कोषाध्यक्ष रवि शंकर सिंह उर्फ दीपक सिंह, प्रवक्ता नवीन प्रकाश, संजय सिंह, मनीष प्रभात, उपाध्यक्ष लव पाण्डेय,युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह,जीतू चौरसिया, मुन्ना कुशवाहा सहित कई लोग शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/हिमांशु शेखर/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in