गुप्तेश्वर पांडेय को बेगूसराय से उम्मीदवार बनाने के लिए चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
गुप्तेश्वर पांडेय को बेगूसराय से उम्मीदवार बनाने के लिए चलाया गया हस्ताक्षर अभियान

गुप्तेश्वर पांडेय को बेगूसराय से उम्मीदवार बनाने के लिए चलाया गया हस्ताक्षर अभियान

बेगूसराय, 24 सितम्बर (हि.स.)। बिहार के पूर्व डीजीपी और 1990 के दशक में बेगूसराय को अपराध मुक्त करने वाले एसपी रह चुके गुप्तेश्वर पांडेय को बेगूसराय विधानसभा से चुनाव लड़ाने के लिए यहां अभियान शुरू हो गया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय विवेकानंद चौक (ट्रैफिक चौक) पर गुप्तेश्वर पांडेय फ्रेंड्स क्लब के बैनर तले जदयू के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहरलाल भारद्वाज और जदयू महानगर जिलाध्यक्ष मुकेश जैन के नेतृत्व में गुप्तेश्वर पांडेय को बेगूसराय से एनडीए का उम्मीदवार बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान गुप्तेश्वर पांडेय फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने ट्रैफिक चौक पर गुप्तेश्वर पांडेय के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इनका कहना हैं कि हस्ताक्षर किया गया बैनर गुप्तेश्वर पांडेय को भेजकर बेगूसराय से चुनाव लड़ने का आग्रह किया जाएगा। मौके पर जवाहरलाल भारद्वाज एवं मुकेश जैन ने बताया कि अपनी कम्युनिटी पुलिसिंग के कारण गुप्तेश्वर पांडेय पूरे बेगूसराय में लोकप्रिय हैं। उनके स्वैच्छिक रिटायरमेंट की खबर से हमलोगों को एक कुशल नेतृत्व मिलने की आस जगी है। मुख्यमंत्री गुप्तेश्वर पांडेय को जदयू से बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र से लड़ाएं। जदयू नेता पंकज सिंह एवं भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ आईटी सेल के जिलाध्यक्ष रविशंकर पोद्दार उर्फ गांधी ने बताया कि गुप्तेश्वर पांडेय से हम सबों को आस है। वो दिन याद है कि जब बेगूसराय में अपराध चरम पर था, तब गुप्तेश्वर पांडेय ने बेगूसराय से अपराध का नामों निशान मिटाया। जदयू नेता अवनीश वर्मा एवं अमरजीत यादव ने कहा कि बेगूसराय में टिकट की मारामारी है। लेकिन गुप्तेश्वर पांडेय एक ऐसा नाम है जो सबों को स्वीकार है। युवा वर्ग में उनकी जबरदस्त पहचान है, जिसका उदाहरण है कि आज हस्ताक्षर अभियान में सैकड़ों युवाओं ने हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया है। जदयू जिला महासचिव घनश्याम महतो एवं सेक्टर अध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि गुप्तेश्वर पांडेय के आने से बिहार सरकार को और भी मजबूती मिलेगी, एनडीए और मजबूत होगा। मौके पर मुहम्मद औरंगजेब, संजय दिवाकर, शम्भू महतो, जदयू सेक्टर अध्यक्ष फूलना कुमार, वीरेंद्र पटेल, जितेंद्र कुशवाहा, निखिल, अंजू देवी, सरिता देवी, पूनम देवी भी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/हिमांशु शेखर/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in