youth-shot-dead-while-dancing-on-dj-in-bhojpur-condition-critical
youth-shot-dead-while-dancing-on-dj-in-bhojpur-condition-critical

भोजपुर में डीजे पर नाच के दौरान युवक को मारी गोली,हालत गंभीर

आरा, 26 फरवरी (हि.स.)। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के फरना गांव में मामूली विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी।युवक को सर के आसपास दो गोली मारे जाने की सूचना मिली है। विश्वस्त सूत्रों ने घटना के तुरन्त बाद फोन कर इसकी सूचना देते हुए बताया कि फरना गांव में केवट पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।शुक्रवार को केवट पूजा का विसर्जन कार्यक्रम होने वाला है। मूर्ति विसर्जन को ले डीजे की धुन पर गाने बजाये जा रहे थे और स्थानीय युवकों द्वारा नाच-गान किया जा रहा था कि इसी बीच दो युवकों में किसी बात पर विवाद हो गया और फरना गांव के बिंद टोली के युवक चांस (20) को गांव का ही एक बदमाश किस्म का युवक राजा ने गोली मार दी। सूत्रों के अनुसार गोली मारने वाला युवक फरना बिंद टोली के धनजी पासवान का पुत्र है, जिसकी उम्र करीब 20-22 साल बताई जाती है। घटना में शामिल युवक पूर्व चौकीदार जीउत पासवान का पौत्र है और फिलहाल आरा के गांगी इलाके में रहता है। केवट पूजा के आयोजन के दौरान वह फरना गांव गया हुआ था। घटना के बाद से वह फरार हो गया है। युवक को गोली मारे जाने के बाद उसके परिजनों के बीच कोहराम मच गया। युवक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण जख्मी हालत में उसे लेकर आरा सदर अस्पताल की तरफ निकले। गोली से घायल युवक की स्थिति गंभीर बताई जाती है। उधर बड़हरा थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली है और पुलिस फरना गांव की तरफ निकल चुकी है। फिलहाल फरना गांव में शराब की अवैध बिक्री से अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यहां अब तक कई घटनाएं हो चुकी हैं।कई लोगों की हत्या भी हो चुकी है। इन अपराधों की जड़ में कहीं न कहीं फरना में चल रही अवैध शराब की बिक्री है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/हिमांशु शेखर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in