those-who-were-the-chief-ministerial-candidates-unfit-for-the-post-of-minister
those-who-were-the-chief-ministerial-candidates-unfit-for-the-post-of-minister

जो थे मुख्यमंत्री पद के दावेदार वे मंत्री पद के लिए हुए अनफिट

गया, 09 फरवरी (हि. स.)। गया शहरी विधानसभा चुनाव क्षेत्र से आठ बार विधायक रहे डा.प्रेम कुमार मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे। समर्थकों ने चुनाव परिणाम आते ही प्रेम कुमार को मुख्यमंत्री पद का सशक्त दावेदार घोषित कर दिया लेकिन, प्रेम कुमार मंत्री पद के लिए भी आलाकमान की दृष्टि में अनफिट साबित हुए। वैसे भी भाजपा में "प्रयोग" होता रहा है। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद कल्याण सिंह हिंदु ह्रदय सम्राट कहें जाते थे। पार्टी आलाकमान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से कल्याण सिंह को अचानक हटाने का फैसला लिया। बहुतों को रामप्रकाश गुप्ता का नाम शायद याद नहीं रहा होगा। पार्टी ने रामप्रकाश गुप्ता को कल्याण सिंह का उत्तराधिकारी बना कर मुख्यमंत्री पद पर बैठा दिया।बलराज मधोक, जसवंत सिंह,उमा भारती, यशवंत सिन्हा सहित कई ऐसे चर्चित और लोकप्रिय नेताओं को पार्टी ने अर्श से फर्श पर ला दिया। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में गया सहित दक्षिण बिहार में जदयू का सूपड़ा साफ हो गया। भाजपा की न के बराबर उपस्थिति चुनाव परिणाम में दर्ज हुई।यह उम्मीद थी कि भाजपा अपने आधार क्षेत्र को बनाए रखने के लिए नीतीश मंत्रिमंडल में गया का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी लेकिन, मंत्रीमंडल के गठन हो या फिर मंगलवार को मंत्रीमंडल विस्तार में गया सहित दक्षिण बिहार एक बार फिर दर किनार कर दिया गया। भाजपा का जनाधार गया,मगध प्रमंडल सहित दक्षिण बिहार रहा है।1971 में जब पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश निर्माण के बाद इंदिरा गांधी के नाम की चुनावी सुनामी में जनसंघ के एक से एक दिग्गजों को चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था।तब गया से जनसंघ के प्रत्याशी ईश्वर चौधरी ने तत्कालीन रक्षा मंत्री जगजीवन राम के पुत्र सुरेश राम को भारी मतों से हराया था। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा का परपंरागत सीट गया (सु) जदयू ने ले लिया। जदयू प्रत्याशी विजय मांझी चुनाव में विजय हुए। लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी और मंत्री मंडल में गया की अनुपस्थिति भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को निराश और हताश कर दिया है लेकिन, ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी अनुशासन और पार्टी के प्रति निष्ठा खुलकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करने की इजाजत नहीं देता है। इसका खामियाजा पार्टी को आज न कल भुगतना पड़ेगा या फिर भाजपा आलाकमान का मंत्री मंडल में पुराने के स्थान पर नए का "प्रयोग" भविष्य में और जनाधार को बढ़ाने में सहायक होगा।यह भविष्य बताएगा। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in