the-role-of-all-public-representatives-is-important-for-strengthening-democracy-chief-minister
the-role-of-all-public-representatives-is-important-for-strengthening-democracy-chief-minister

लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण हैः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष शुभारंभ सह प्रबोधन कार्यक्रम का किया उद्घाट्न पटना, 7 फरवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानमंडल विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में दीप प्रज्वलित कर बिहार विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष शुभारंभ सह प्रबोधन कार्यक्रम का उदघाट्न रविवार को किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद पहले संयुक्त रुप से उपसभा विधायी कहलाता था। वर्ष 1920 में बिहार विधानसभा भवन के निर्माण का कार्य शुरु हुआ और 7 फरवरी 1921 को यह भवन बनकर तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह में कार्यक्रम में लोकतंत्र में विधानमंडल में सदस्यों की भूमिका पर परामर्श किया गया। इसके पहले भी हमलोग कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है। विधायी परिषद का 100 वर्ष पूर्ण होने पर उस समय के सभापति स्व. ताराकांत झा जी ने बड़े पैमाने पर बिहार विधान परिषद शताब्दी समारोह कार्यक्रम किया था। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतीभा पाटिल जी भी शामिल हुई थीं। इसी कार्यक्रम में व्याख्यान देने के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साहब भी आए थे। देश और देश के बाहर के प्रमुख विद्वतजन ने भी अपने व्याख्यान दिए थे। विधान परिषद की पहली बैठक 20 जनवरी 2013 को पटना कॉलेज के प्रांगण में हुई थी। विधान परिषद् का सौ साल पूरा होने वाले कार्यक्रम में रामाश्रय बाबू भी उपस्थित थे, जो पचास साल पहले विधान परिषद् के सदस्य बने थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने इस सेंट्रल हॉल का उद्घाटन 7 फरवरी 2016 को कराया था। इस दौरान 6 और 7 फरवरी को कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। उन्होंने कहा कि जो भी सदस्य विधायक या विधान पार्षद के रुप में निर्वाचित होते हैं वो सभी जनप्रतिनिधि जनता के प्रतिनिधि हैं। लोकतंत्र लोगों का शासन है। लोग अपने बीच से एक प्रतिनिधि चुनकर शासन के लिए भेजे जाते हैं। चाहे सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधि सरकार के अंग होते हैं। आज कई जनप्रतिनिधियों ने जो बातें कही हैं उन सब बातों पर गौर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में जनता मालिक है। सभी विधायक जनता के प्रतिनिधि हैं और सरकार में बैठे लोग जनता के सेवक हैं। सभी विधायक सरकार के अंग हैं। कोई पक्ष-विपक्ष नहीं। सदन के सदस्यों का कर्तव्य है कि अपने क्षेत्र में हो रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ले और उनका कर्तव्य है कि वे सदन की कार्यवाही में और बाहर भी इसे सार्वजनिक करें। हम आप सबको आश्वस्त करते हैं कि जो भी सार्थक प्रश्न होगा उसका जरूर समाधान किया जाएगा। जब हम विधायक और सांसद थे तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के साथियों के साथ मिलकर सदन में लोगों के हित की बात एकजुट होकर रखते थे। सरकार का दायित्व है जनप्रतिनिधियों की बात सुनना और उसका समाधान भी करना है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जनता की सेवा के लिए हमसब कमिटेड हैं। लोगों की समस्याओं को दूर करना हमारा कर्तव्य है। लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म है। जनता ने जो फिर से जिम्मेवारी दी है, हम लोगों की सेवा करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा शताब्दी वर्ष समारोह पूरे साल चलेगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जी भी शामिल होंगे। देशभर के लोग भी इन कार्यक्रमों से अवगत होंगे। उन्होंने कहा कि एक दिन का ऐसा भी कार्यक्रम रखें जिसमें पूर्व विधायकों, विधान पार्षदों को भी आमंत्रित किया जाए ताकि हम उनके अनुभव को सुनकर लाभ उठा सकें और नई पीढ़ी के जनप्रतिनिधि कई बातों को जान सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुछ सदस्यों ने चर्चा के दौरान विधानमंडल के सत्र की अवधि बढ़ाने की बात की है। उन्होंने विधानसभा के अध्यक्ष और विधान परिषद के कार्यकारी सभापति मिलकर निर्णय लें कि सदन अधिक से अधिक चल सके, जिसमें सदस्य अधिक से अधिक सवाल अपना सदन के समक्ष रख सकें और उसका समाधान हो सकें। उन्होंने कहा कि बापू के नेतृत्व में चंपारण सत्याग्रह हुआ जिसका इतना प्रभाव पड़ा कि 30 वर्ष के अंदर ही आजादी मिल गई। आजादी की कहानी नई पीढ़ी को जानना चाहिए। बापू ने कहा था कि मेरा जीवन ही मेरा संदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का पुराना इतिहास है। बीच में बिहार पिछड़ गया था लेकिन फिर आगे बढ़ रहा है। आजादी के बाद डॉ श्री कृष्ण सिंह, स्व अनुग्रहण नारायण सिंह, जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे कई विभूतियों ने बिहार को आगे बढ़ाया है। बिहार आगे बढ़ रहा है और आगे बढ़ता ही रहेगा। समाज का एक बड़ा तबका 90 प्रतिशत लोगों पर किए जा रहे अच्छे कार्यों का प्रभाव दिखता है। लेकिन समाज में 10 प्रतिशत लोग गड़बड़ करने वाले होते हैं। हमलोग भले ही राजनीतिक तौर पर अलग हैं लेकिन मिल जुलकर काम करना है, लोगों की सेवा करनी है। बिहार को आगे बढ़ाना है ताकि देश भी आगे बढ़ता रहे। समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भावना का माहौल रखना है। कार्यक्रम की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री का स्वागत अंग वस्त्र, पौधा और स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान पार्षद डॉ0 रामचंद्र पूर्वे, विधायक अजीत शर्मा, विधायक अवध बिहारी चौधरी सहित अन्य ने संबोधित किया। हिन्दुस्थान समाचार/मुरली/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in