पूर्वी चंपारण में सिकरहना नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत

पूर्वी चंपारण में सिकरहना नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत
पूर्वी चंपारण में सिकरहना नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत

मोतिहारी, 21 जुलाई(हि.स.)। पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया प्रखंड अंतर्गत लालबेगिया गांव में मंगलवार की सुबह दो बच्चों की सिकरहना नदी में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे जोर से आंधी-बारिश आई थी। उसी बीच उपेन्द्र सहनी की बकरी खुल गई और घर के बगल में स्थित सिकरहना नदी की तरफ भागने लगी। उसके दो बेटे बकरी को पकड़ने के लिए दौड़े। आंधी के कारण उपेन्द्र सहनी का छोटा बेटा वृजेश कुमार सिकरहना नदी में चला गया। छोटे भाई को पानी में जाते देख बड़े भाई विशाल कुमार ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन, नदी में आई बाढ़ के कारण दोनों पानी में डूब गये। ग्रामीणों ने किसी प्रकार उन दोनों को बाहर निकाला। फिर स्थानीय वार्ड सदस्य रामाकांत सहनी आदि उसे आनन-फानन में मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में ले गये, जहां उन्हें सदर अस्पताल में ले जाने को कहा गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने देखने के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सचिंद्र कुमार ने राजस्व कर्मचारी प्रेमकिशोर सिंह को घटनास्थल पर जांच करने के लिए भेजा है। खबर भेजे जाने तक घटनास्थल पर अपर थानाध्यक्ष केके यादव व एसआई रेयाज अहमद खां, पंचायत के पूर्व मुखिया महेश्वर सहनी, स्थानीय पंचायत समिति सदस्य के पति व भाजपा नेता जयराम निषाद व वार्ड 12 के वार्ड सदस्य रमाकांत सहनी आदि पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे थे। हिन्दुस्थान समाचार / नवजीत कुमार/हिमांशु शेखर/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in