pacs-election-preparations-complete-polling-will-be-held-on-february-15-at-261-polling-stations
pacs-election-preparations-complete-polling-will-be-held-on-february-15-at-261-polling-stations

पैक्स चुनाव की तैयारी पूरी, 15 फरवरी को 261 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

बेगूसराय, 13 फरवरी (हि.स.)। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के निर्देशानुसार 15 जनवरी को बेगूसराय के 15 प्रखंडों में प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) का चुनाव कराया जाएगा। 15 फरवरी सुबह 6:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बखरी, मटिहानी, चेरिया बरियारपुर, बरौनी, बेगूसराय, बलिया, छौड़ाही, साहेबपुरकमाल, शाम्हो, नावकोठी, बछवाड़ा, डंडारी, तेघड़ा, मंसूरचक एवं भगवानपुर प्रखंड के 73 पैक्स का मतदान 261 मतदान केंद्रों पर संपन्न होगा। चुनाव के शांतिपूर्ण और सफल संचालन के लिए डीएम अरविन्द कुमार वर्मा तथा एसपी अवकाश कुमार द्वारा संयुक्त आदेश के माध्यम से मतदान केंद्रवार सेक्टर दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जारी आदेश में कहा गया है कि सभी जोनल दंडाधिकारी 14 फरवरी की रात में यह सुनिश्चित कर लेंगे कि निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित दंडाधिकारी, मतदान दल, गश्ती दंडाधिकारी-सह-संग्रहण दल अपने-अपने स्थान पर पहुंच चुके हैं। मतदान के दिन सघन गश्ती कर असामाजिक तत्व पर कड़ी नजर रखी जाएगी, जिससे कि मतदान प्रक्रिया को बाधित नहीं हो। मतदान केंद्रों पर कोरोना संक्रमण रोकने की लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान कराने के लिए जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष 06243-222835 की स्थापना किया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित प्रखंड में नियंत्रण कक्ष की स्थापना का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही अग्निशमन दस्ता, बज्र वाहन, अश्रु गैस दस्ता एवं आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। 15 फरवरी को मतदान के बाद बखरी, बछवाड़ा, भगवानपुर, शाम्हो, नावकोठी एवं चेरियाबरियारपुर प्रखंड तथा 16 फरवरी को सुबह आठ बजे से बरौनी, बेगूसराय, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, डंडारी, छौड़ाही, तेघड़ा, मंसूरचक एवं बलिया प्रखंड के पैक्सों की मतगणना होगी। मतगणना के सफल संचालन के लिए सभी मतगणना केंद्रों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in