opposition-is-conspiring-to-sell-the-interests-of-farmers-to-middlemen-bjp
opposition-is-conspiring-to-sell-the-interests-of-farmers-to-middlemen-bjp

किसानों के हित को बिचौलियों के हाथों बेचने की साजिश रच रहा है विपक्ष : भाजपा

बेगूसराय, 01 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने कहा है कि देश विरोधी ताकतें किसान नेताओं के कंधे पर बंदूक रखकर देश में हिंसा कर रही है। 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व के मौके पर जो उत्पात मचाया गया, उसे पूरी दुनिया ने देखा। सोमवार को बेगूसराय जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हित में हमेशा तत्पर है। आज पेश किए गए केंद्रीय बजट का प्रावधान दर्शाता है कि सरकार किसानों को हर स्तर पर फायदा दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोविड-19 दौर में भी ऐतिहासिक बजट तैयार किया तथा इसमें सभी चीजों को शामिल किया गया है। मछली पालन, स्वास्थ्य, रेल, सड़क, स्वच्छता एवं कृषि का बजट आकार बढ़ाया गया है। सरकार किसान नेताओं से वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन देश विरोधी ताकतें उत्पात मचा रही है। इस आंदोलन में सीएए का विरोध करने वाली चाची भी नजर आई। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव किसानों के लिए आंदोलन की बात करते हैं, लेकिन उन्हें खुरपी और हंसुआ की पहचान नहीं है, रवि और भदई फसल का अंतर पता नहीं है। देश और बिहार के यह दोनों राजकुमार सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। सभी दलों ने अपने घोषणा पत्र में यह प्रस्ताव रखा था, लेकिन अब विरोध कर रहे हैं। पीएम समझौता करने को तैयार हैं, लेकिन यह सुझाव के बदले हठधर्मिता कर रहे हैं। बिहार के किसान केंद्र की सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून के समर्थन में है। किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में उन्नति के लिए किसान सम्मान निधि योजना के तहत उनके खाते में राशि का स्थानांतरण हो या फिर आने वाले दिनों में किसानों के लिए पेंशन की सुविधा को लागू करने की बात हो, केंद्र की सरकार बिहार सरकार से समन्वय कर किसानों के समग्र विकास को संकल्पित है। विपक्ष की यह बेचैनी स्पष्ट करती है कि विपक्ष बिचौलियों के साथ खड़ा है तथा किसानों के अधिकार एवं हितों को बिचौलियों के हाथों बेचने की साजिश रच रहा है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में संचालित मक्का अनुसंधान केंद्र किसानों के लिए वरदान साबित हो सकता है। किसान इससे जुड़े और बीज का उत्पादन करें तो आय में वृद्धि होगी। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in