nidhi-dedication-campaign-has-been-included-in-the-routine-of-ram-devotees
nidhi-dedication-campaign-has-been-included-in-the-routine-of-ram-devotees

राम भक्तों की दिनचर्या में शामिल हो गया है निधि समर्पण अभियान

बेगूसराय, 07 फरवरी (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह अभियान जिला मुख्यालय टीम के दिनचर्या में शामिल हो गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रत्येक दिन सुबह सात बजे रतनपुर कन्या मध्य विद्यालय स्थित श्री हनुमान मंदिर से ई-रिक्शा में बैनर, लाउडस्पीकर एवं माइक लगाकर जय श्रीराम के उद्घोष तथा रामधुन के साथ दर्जनों राम भक्तों की टोली निधि संग्रह अभियान पर निकल पड़ती है। मोहल्ले-मोहल्ले, घर-घर दस्तक देकर भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण की जानकारी देना तथा उसके लिए निधि का समर्पण करने का आग्रह करते हुए निधि इकट्ठा कर रहे हैं। निधि संग्रह अभियान टीम में क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री सह जिला अभियान टीम के सदस्य रणधीर कुमार, भाजपा के नगर अध्यक्ष नगर अभियान टीम के सह प्रभारी रूपेश गौतम, पूर्व नगर पार्षद ऋतुराज गौतम उर्फ रितेश गौतम, भाजपा के नगर उपाध्यक्ष गोपेश जयंत, भाजपा क्रीडा मंच के जिला मीडिया प्रभारी सह डिपॉजिटर शैलेश कुमार, भाजपा के नगर युवा अध्यक्ष सह टोली के संग्रहकर्ता जितेंद्र कुमार एवं वेद प्रकाश समेत कई अन्य शामिल हैं। क्रीड़ा भारती केे जिलामंत्री रणधीर कुमार ने बताया कि राम भक्तों की टोली से ज्यादा उत्साहित आम जनमानस हैं, जो स्वयं आगे बढ़कर निधि संग्रह समर्पण को तत्पर हैं। इससे प्रतीत होता है कि प्रभु श्रीराम जन-जन के कण-कण में विराजमान हैं। इस अभियान को रतनपुर सहित पूरे नगर क्षेत्र में आशातीत सफलता मिल रही है। टोली के माध्यम से निधि का समर्पण करने के साथ-साथ आम जनमानस ऑनलाइन सीधे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते में भी निधि समर्पण कर रहे हैं। यह सौभाग्य है कि पिछले पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण का सपना साकार हो रहा है और हमलोग इसके सहभागी बन रहे हैं। इसके लिए प्रभु श्रीराम के हम लोग आभारी हैं कि उन्होंने यह कार्य हमलोगों को सौंपा है। नगर अभियान टीम के सह प्रमुख रुपेश गौतम ने बताया कि रतनपुर वार्ड 20 एवं 21 में अब तक एक लाख से अधिक निधि का संग्रह किया जा चुका है। हमारा प्रयास है कि रतनपुर की टोली बेगूसराय शहरी क्षेत्र में सबसे आगे एवं सबसे ज्यादा निधि का समर्पण कर सके, इसके लिए टोली के सारे राम भक्त तन-मन-धन से इस अभियान के लिए लगे हुए हैं। पूर्व नगर पार्षद ऋतुराज गौतम एवं टोली प्रमुख जितेन्द्र कुमार ने बताया कि निधि समर्पण अभियान को समाज के बच्चे, बूढ़े एवं खासकर महिलाओं का अपार सहयोग मिल रहा है। कई ऐसी महिलाएं एवं बुजुर्ग मिले हैं जिन्होंने हर्ष पूर्वक अपने निधि का समर्पण किया है। इसमें कई ऐसे लोग भी हैं जो पूर्व में अयोध्या में श्रीराम का दर्शन कर चुके हैं तथा वे आशान्वित हैं कि जल्द ही भव्य मंदिर में श्रीराम प्रभु का दर्शन कर पाएंगे, जिससे उनका जीवन और जन्म दोनों सफल हो जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in