municipal-corporation-tightens-its-back-about-the-third-wave-of-coronavirus
municipal-corporation-tightens-its-back-about-the-third-wave-of-coronavirus

कोरोनावायरस की तीसरी लहर को लेकर नगर निगम ने कसी कमर

गया, 07 मई (हि.स.) कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। एक तरफ कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी तरफ मौत का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर गया नगर निगम ने विगत 15 दिनों से व्यापक अभियान चला रखा है। मेयर गणेश पासवान और डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारी व तमाम सफाईकर्मी शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार सैनिटाइजेशन व फॉगिंग अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले के.पी. रोड, जीबी रोड, रमना रोड, बाजाजा रोड, पंचायती अखाड़ा, विष्णुपद मंदिर, चांदचौरा सहित विभिन्न इलाकों में नगर निगम का सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। मेयर व डिप्टी मेयर ने अपने हाथों से सड़क के दोनों तरफ बने दुकानों और मकानों को सैनिटाइज किया। इस दौरान मेयर गणेश पासवान ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने को लेकर नगर निगम के तमाम लोग युद्ध स्तर पर लगे हुए हैं। विगत 15 दिनों से भी ज्यादा समय से लगातार निगम का अभियान चल रहा है। अब कोरोना की तीसरी स्ट्रेन आने की बात कही जा रही है। इसे लेकर सरकार को पहले से ही व्यापक रूप से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से नगर निगम को 10 करोड़ की राशि मुहैया कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बगैर किसी फंड और राशि के नगर निगम अपने स्तर से अब तक यह अभियान चला रहा हैं। यह अभियान आगे भी चलता रहे और लोगों को कोरोना महामारी से निजात मिले इसके लिए सरकार की मदद जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और बिहार सरकार का नगर विकास विभाग नगर निगम को आर्थिक मदद करने के लिए आए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच 5-5 मास्क का वितरण भी किया जा रहा है। वही मौके पर मौजूद डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि सैनिटाइजेशन अभियान को और तेज कर दिया गया है। क्योंकि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अब यह अभियान दो पालियों में चलेगा। सुबह के अलावा शाम और रात्रि में भी सैनिटाइजेशन अभियान चलेगा। ताकि इस बीमारी को कंट्रोल किया जा सके। अब देखने को मिल रहा है कि यह बीमारी शहर से होते हुए गांव तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि स्वयं उनके गांव बजौरा में भी गत दिनों 5 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में 10 विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में दसों विधायको को भी अभियान में मदद करनी चाहिए। इसके अलावा स्थानीय सांसद व जिले के प्रभारी मंत्री को भी इस अभियान में लगना चाहिए। क्योंकि मानवता के हित में यह जरूरी है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज कुमार

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in