more-than-one-lakh-devotees-took-a-dip-in-the-uttaravahini-ganges-on-the-occasion-of-mauni-amavasya
more-than-one-lakh-devotees-took-a-dip-in-the-uttaravahini-ganges-on-the-occasion-of-mauni-amavasya

मौनी अमावस्या पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में लगायी डुबकी

भागलपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। मौनी अमावस्या को लेकर जिले के सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर गुरुवार को एक लाख से अधिक कांवरियों ने आस्था की डुबकी लगाई। कांवरियों के साथ-साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। मौनी अमावस्या पर मिथलांचल और सीमांचल के कांवरियों का बडा जत्था सुल्तानगंज स्थित पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट पहुंचा और गंगा जल लेकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हो गए। इसके पूर्व कांवरियों ने अजगैबीनाथ मंदिरों में पूजा अर्चना भी की। बड़ी संख्या में पहुंचे मिथलांचल और सीमांचल के कांवरियों ने सुबह गंगा घाटों मे स्नान कर अजगैबीनाथ मंदिर मे बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने के लिए लम्बी कतार लग गई। जिससे पूरा मंदिर परिसर बाबा भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। संपूर्ण वार्तावरण भक्तिमय हो गया। मौनी अमावस्या के दिन मिथलांचल और सीमांचल के कांवरिया मौन धारण कर गंगा स्नान कर बाबा भोलेनाथ का पूजन करते हैं और बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाने को लेकर पैदल नंगे पांव 105 किलोमीटर लंबी यात्रा प्रारंभ करते हैं। ये सभी कांवरिया बसंत पंचमी पर बाबा वैद्यनाथ को जल अर्पण कर अपना शुभ कार्य प्रारंभ करते हैं। ओम नमः शिवाय, बोल बम का नारा है बाबा एक सहारा है, बाबा नगरिया दूर है जाना जरूर है, मोर भंगिया क मनाई दे, हो भोलेनाथ मोर जोगिया का मनाई दे के नारे गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक गुंजायमान रहा। दरभंगा, सीतामढ़ी, बेगूसराय, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सीतामढ़ी से आये कांवरियों ने जलपात्र में गंगा जल भरकर नियम निष्ठा से फूल, बेलपत्र, अक्षत, धूप दीप और मोतीचूर लड्डू के भोग लगाए और कांवर पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया और नाचते गाते बाबा भोलेनाथ की नगरी की ओर प्रस्थान किया। यह सभी कांवरिया बसंत पंचमी के मौके पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचकर बाबा भोले की तिलक समारोह में शामिल होंगे। नियम निष्ठा पूर्वक भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/चंदा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in