meeting-called-for-possible-flood-preparation
meeting-called-for-possible-flood-preparation

संभावित बाढ की तैयारी के मद्देनजर बैठक आहूत

दरभंगा, 12 मई (हि.स.)। संभावित बाढ़ की तैयारी के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बुधवार को अम्बेडकर सभागार से सभी अंचलधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि बाढ़ कब और कितनी आएगी यह निश्चित नहीं है। विगत 2 वर्षों से दरभंगा में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ रही है। जबकि इसके पूर्व केवल 1-2 प्रखंड प्रभावित होते थे। बाढ़ प्रभावित परिवारों को संपूर्ति पोर्टल के माध्यम से डीबीटी के द्वारा लाभुकों के बैंक खाता में सीधे बाढ़ सहायता राशि (जीआर) उपलब्ध कराई जाती है। गत वर्ष मुख्यमंत्री स्तर पर कुछ शिकायते मिली हैं कि योग्य लाभार्थी छूट जा रहे हैं। जबकि अयोग्य लाभार्थी को जीआर की राशि प्राप्त हो रही है। इस संबंध में कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं सदर प्रखंड में कई अनियमितता पाई गई एवं शहरी क्षेत्र में भी एक वार्ड पार्षद ने अपने परिवार के दो से तीन सदस्यों को सहायता राशि दिलवा दी। इन सबों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई। अंचल स्तर पर ठीक से निगरानी नहीं किए जाने पर ही ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है और इसके लिए सीधे अंचलाधिकारी को जिम्मेवार माना जाएगा। यदि एक ही परिवार के 1 से अधिक सदस्य का नाम है तो डिलीट करवा दें। साथ ही आधार संख्या अपलोड करवा दें, इससे डुप्लीकेशन नहीं होगा। उन्होंने अंचलाधिकारियों को तेजी से आधार कार्ड अद्यतीकरण कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आधार कार्ड जिस बैंक खाता से जुड़ा हुआ है उसी बैंक खाता संख्या को अपलोड होना है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में डाटा इंट्री ऑपरेटर रख लिया जाए। बाढ़ के लिए आवश्यक सामग्रियों की दर निर्धारित हो गयी है। निर्धारित दर के आधार पर स्थानीय विक्रेता के साथ बाढ़ के दौरान आवश्यक सामग्री आपूर्ति हेतु एकरारनामा करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान सबसे ज्यादा नाव की जरूरत होती है इसलिए अंचलों के नाविकों के साथ एकरारनामा कर लिया जाए। साथ ही सभी नावों के पंजीकरण का नवीकरण जिला परिवहन पदाधिकारी से करा लिया जाए। बाढ़ निरोधक तथा बाढ़ राहत कार्य में लगाए जाने वाले सरकारी/ गैर सरकारी कर्मियों का टीकाकरण कराया जाना है और इसके लिए अंचलों से सूची भी मांगी गई है। समीक्षा क्रम में जाले अंचल से कर्मियों की सूची नहीं भेजे जाने की जानकारी प्राप्त होने पर जिलाधिकारी द्वारा जाले के अंचलाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि पॉलीथिन स्टॉक को चेक कर लिया जाए तथा कुछ नए पॉलिथीन की व्यवस्था पहले से कर ली जाए। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in