ljp-released-the-list-of-new-spokespersons-krishna-singh-kallu-gets-dual-responsibility
ljp-released-the-list-of-new-spokespersons-krishna-singh-kallu-gets-dual-responsibility

लोजपा ने जारी की नये प्रवक्ताओं की लिस्ट, कृष्ण सिंह कल्लू को मिली दोहरी जिम्मेवारी

पटना, 12 अप्रैल (हि.स)। लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान विधान सभा चुनाव- 2020 के बाद राजनीतिक मैदान में हाशिये पर जा चुकी पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी कर रहे हैं। पहले प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने पिछले सप्ताह बिहार के कुछ एक जिलों को छोड़कर जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। सोमवार को उन्होंने प्रदेश इकाई के लिए पार्टी के 21 प्रवक्ताओं की सूची जारी की। कृष्ण सिंह कल्लू को प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता की दोहरी जिम्मेवारी दी गई है। दरअसल, बिहार विधान सभा चुनाव में लोजपा एक मात्र सीट जीत पाई थी। लोजपा के विधान सभा में इकलौते विधायक राजकुमार हाल ही में जदयू में शामिल हो गए। इसके पहले लोजपा की एक मात्र विधान पार्षद नीतू सिंह भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। नीतू सिंह भाजपा नेता व पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू की पत्नी हैं। इसके अलावा लोजपा के कई नेता व कार्यकर्ता भाजपा, जदयू और राजद का दामन थाम चुके हैं। हालांकि इसके बाद भी चिराग पासवान ने हिम्मत नहीं हारी है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नए सिरे से जान फूंकते हुए संघर्ष के लिए तैयार होने की अपील की है। ये बनें नए प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल, अजय कुशवाहा, सुरेंद्र विवेक, राजेश भट्ट, अमर आजाद, अशरफ अंसारी एवं प्रो. विनीत सिंह प्रवक्ता बनाए गए हैं। अमर सिंह कुशवाहा, नरेश प्रसाद, शोभा सिन्हा पासवान, साजेश पासवान, संगीता तिवारी, राकेश रौशन, कोमल सिंह, कृष्ण सिंह कल्लू, राजेश वर्मा, अभय सिंह, विकास मिश्रा, वेद प्रकाश पाण्डेय, चंदन सिंह और सुरभि ठाकुर पैनलिस्ट प्रवक्ता बनाए गए हैं। निशांत मिश्रा, कुंदन पासवान एवं रवि रंजन कर्ण को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश/चंदा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in