leaving-two-children-the-woman-escaped-with-the-soldier-husband-pleaded-with-ssp
leaving-two-children-the-woman-escaped-with-the-soldier-husband-pleaded-with-ssp

दो बच्चों को छोड़कर सिपाही के साथ फरार हुई महिला, पति ने एसएसपी से लगाई गुहार

भागलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघा ब्रह्मचारी टोला की रहने वाली एक महिला दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर घोघा थाने के एक सिपाही के साथ फरार हो गई। इस बाबत शुक्रवार को महिला के पति ने दोनों बच्चों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निताशा गुड़िया से मिलकर गुहार लगाई है। एसएसपी को आवेदन देने के पश्चात महिला के पति अर्जुन मंडल ने बातचीत में अपनी कहानी बयां की। उसने कहा कि उसकी पत्नी सुलेखा देवी जमीन संबंधी विवाद को लेकर अक्सर घोघा थाना जाया करती थी। इसी दौरान उस थाना में तैनात एक सिपाही से उसे प्यार हो गया। जब इसकी जानकारी अर्जुन मंडल को हुई तो दोनों में लड़ाई-झगड़ा भी हुआ। कुछ दिन बाद सुलेखा देवी ने अर्जुन मंडल से यह कहा कि उसने सिपाही से शादी कर ली है। इसके बाद बीते वर्ष के दिसम्बर माह में सुलेखा दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर प्रेमी सिपाही के साथ फरार हो गई। पीड़ित अर्जुन मंडल ने घोघा थाना में इसकी शिकायत भी की। लेकिन, थाने से उसे डांट-डपट कर भगा दिया गया। अर्जुन मंडल ने कहा कि उसके दो छोटे-छोटे बच्चों में एक की उम्र 03 वर्ष और दूसरे की 04 वर्ष है। दोनों बच्चे मां को खोजते हैं और मां की याद में रोते रहते हैं। दोनों बच्चे मां की तस्वीर को हाथ में लेकर लोगों को दिखा भी रहे थे। उल्लेखनीय है कि अर्जुन मंडल की यह दूसरी शादी है। उसकी पहली पत्नी का देहांत 2010 में हो गया था। उससे उसे तीन बेटियां हैं। तीनों की ही शादी हो चुकी है। सुलेखा से अर्जुन मंडल की शादी 2015 में हुई थी। अर्जुन मंडल का कहना है कि मुझे सबसे ज्यादा चिंता दोनों बच्चों की है। अब मेरे लिए इन बच्चों को पालना पहाड़ के समान है। हिन्दुस्थान समाचार/ बिजय/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in