Kovid-19 vaccination campaign begins in Saran
Kovid-19 vaccination campaign begins in Saran

सारण में कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान की हुई शुरुआत

छपरा,16 जनवरी (हिस)। जिले के सदर अस्पताल में सबसे पहले सफाई कर्मचारी शिवनंदन बांसफोङ को टीका लगाया गया। जिले के नौ केंद्रों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी डॉ. नीलेश रामचंद्र देवरे ने सदर अस्पताल में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि यह टीकाकरण महाअभियान स्वस्थ देश और स्वस्थ समाज के लिए बहुत जरूरी है। टीकाकरण को लेकर किसी के भी मन में किसी तरह की कोई भ्रांति नहीं होनी चाहिए। सफाई कर्मचारी और अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ विशेष भूमिका निभा रहे हैं। अस्पताल में वार्ड के भीतर और बाहर इन्हें कर्मचारियों की विशेष भूमिका रहती है। इसलिए टीकाकरण में पहला अधिकार इसी वर्ग के कर्मचारी को मिलना चाहिए। जिले में 9 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी है। जहां पर चयनित स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों डोज लगवाना जरूरी है और टीका लगवाते ही आप ऐसा कभी न करें कि कोरोना के एहतियाती उपायों को भूल जाएं। मास्क, दो गज की दूरी इन सभी बातों का पालन करना अभी भी जरूरी है। पहली और दूसरी डोज के बीच, 28 दिनों का अंतराल भी रखा गया है। दूसरी डोज लगने के 2 हफ्ते बाद ही आपके शरीर में कोरोना के विरुद्ध जरूरी शक्ति विकसित हो पाएगी। सबसे पहले सदर अस्पताल के सफाई कर्मी को टीका लगाया गया। टीका लगने के बाद उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि सबसे पहले वैक्सीनेशन के लिए मुझे चुना गया। मेरे मन में किसी तरह का कोई डर नहीं है। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। मैँ पूरी तरह से स्वस्थ हूं। प्रत्येक सत्र पर 100 कर्मियों को वैक्सीनेशन का लक्ष्य: जिलाधिकारी डॉ. नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि जिले के प्रत्येक सत्रों पर कोविन पोर्टल पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों की सूची में से सौ-सौ कर्मियों की सूची तैयार की गयी थी। प्रत्येक सत्र पर 100 लोगों को टीकाकरण करने का लक्षय निर्धारित किया गया है। इस तरह से जिले में प्रथम दिन 900 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। इन जगहों पर शुरू हुआ टीकाकरण: • सदर अस्पताल ,छपरा • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दरियापुर • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गरखा • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मसरख • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनपुर • समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मकेर • अमृत हॉस्पिटल, सारण (निजी) चुनाव बूथ की तर्ज पर बनाया गया टीकाकरण रूम: डीएम डॉ. नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि टीकाकरण के लिए सत्र स्थल का निर्धारण निर्वाचन बूथ के अनुसार ही किया गया है। टीका लगने के बाद किया गया अवलोकन: सीएस डॉ. माधवेश्वर झा ने बताया कि सभी टीकाकरण केंद्रों पर लाभार्थियों को आब्जर्वेशन रूम में बिठाया गया। वैक्सीनेशन के बाद उसका कोई साइड इफेक्ट तो नहीं हो रहा। हिन्दुस्थान समाचार / गुड्डू-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in