giriraj-singh-asked-the-minister-to-do-erosion-work
giriraj-singh-asked-the-minister-to-do-erosion-work

गिरिराज सिंह ने मंत्री से की कटाव निरोधक कार्य कराने की मांग

बेगूसराय, 30 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिह ने कोविड की महामारी के बीच आने वाले दिनों में बाढ़ की पूर्व तैयारी तथा तटबंधों की मरम्मती के लिए बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा को पत्र लिखकर अविलंब कार्य प्रांरभ कराने का अनुरोध किया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि अभी यदि यह कार्य नहीं हुआ तो बाद में काफी कठिनाई होगी। विगत बाढ़ के दौरान गंगा नदी एवं बूढी गंडक नदी से हुए भीषण कटाव के कारण औद्योगिक जिला बेगूसराय में पड़ने वाले तटबंध कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हुए एवं कई स्थलों पर तटबंध की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। जिसे आगामी बाढ़ के पूर्व मरम्मति कराने के लिए मैंने 21 फरवरी 2021 को पत्र लिखा था। इसके बाद जल संसाधन मंत्री ने प्राथमिकता के आधार कुछ स्थानों को चिन्हित कर मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है, इसके लिए अंतःकरण से धन्यवाद लेकिन बाढ़ में तबाही मचाने वाले कई स्थानों पर मरम्मत का प्रारम्भिक काम भी शुरू नहीं हुआ है। मानसून आने में तीन महीने से भी कम का समय है और इतने कम समय में कार्य को पूरा करना होगा। तभी बेगूसराय के लोग आने वाले दिनों में संभावित बाढ़ से सुरक्षित रह सकेंगे, नहीं तो जल प्रलय मच सकती है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि मटिहानी प्रखंड के छितनौर, बलिया प्रखंड के गोखले नगर विशनपुर, सादीपुर, कमालपुर तथा बरौनी प्रखंड के निपनिया एवं मधुरापुर गांव के आसपास में कटाव निरोधक काम करना बहुत ही जरूरी है। इसी तरह बूढ़ी गंडक नदी के बाएं तटबंध में चेरिया बरियारपुर प्रखंड के सिउरी एवं नावकोठी प्रखंड के पहसारा एवं महेशवारा में चेरिया बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत ठाठा जमींदारी बांध में कटाव निरोधक कार्य किया जाना चाहिए। इसी तरह बूढ़ी गंडक नदी के दांए तटबंध में बेगूसराय प्रखंड के पहाड़पुर एवं वनद्वार तथा डंडारी प्रखंड के कटरमाला, मेंहा एवं तेतरी गांव में कटाव निरोध कार्य समयबद्ध तरीके से मानसून आने से पहले निष्पादित करवाना जरूरी है ताकि बाढ़ की विभीषिका से बेगूसराय को सुरक्षित किया जा सके। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in