foundation-day-week-of-bharatiya-janata-party-begins-with-flagging
foundation-day-week-of-bharatiya-janata-party-begins-with-flagging

झंडोत्तोलन के साथ शुरू हो गया भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सप्ताह

बेगूसराय, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर स्थापना सप्ताह की शुरुआत रविवार को हो गयी। इस मौके पर जिला कार्यालय समेत सभी 35 मंडल कार्यालय और प्रमुख जगहों पर झंडोत्तोलन किया गया। जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह एवं बेगूसराय नगर विधायक कुंदन कुमार की मौजूदगी में झंडोतोलन किया गया। मौके पर जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। एक समय था जब भाजपा संघर्ष के कालखंड में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी। लेकिन उस दौरान भी कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति अपने समर्पण एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने के जज्बे को कायम रखा। जिसका यह परिणाम है कि आज संपूर्ण भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के हर पटल पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद के प्रखर पुरोधा के रूप में जाना जाता है। भाजपा के अभ्युदय से लेकर अबतक का सफर जिन चुनौतियों से होकर गुजरा है, वह निश्चय ही सर्वस्व समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि छह अप्रैल को स्थापना दिवस के मौके पर सभी बूथ अध्यक्षों के आवास पर पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी के इतिहास और विकास तथा सरकार के उपलब्धियोंं और योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के रचनात्ममक कार्य भी किए जाएंगे। प्रदेश भाजपा मीडिया सेल के संयोजक-सह-बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि एक दौर था जब वामपंथ ने अपने रक्त रंजित चरित्र से बेगूसराय की धरती को लहूलुहान एवं इसके औद्योगिक एवं सांस्कृतिक विरासतों का पतन कर रहा था। तब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संघर्ष की लंबी लड़ाई लड़ी एवं उसका सुखद परिणाम है कि आज यहां विकास उत्तुंगता की ओर आरुढ़ है। संपूर्ण देश में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने संघर्ष के बल पर भारतीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को खंडित करने की मानसिकता रखने वालों को परास्त किया है एवं वह प्रयास निरंतर अब भी जारी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अगली कड़ी में हम बूथ स्तर तक जाकर पुरातन कार्यकर्ताओं को उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित करने का काम करेंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, कुंदन भारती, मृत्युंजय कुमार वीरेश, जिला महामंत्री विपिन कुमार बिट्टू, राजीव वर्मा, मंत्री राकेश पांडेय, बबलेश पार्थ सारथी, शालिनी देवी, मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी, कोषाध्यक्ष रामकल्याण सिंह, अक्षय आर्या एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनैना देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in