dm-pays-tribute-to-litterateur-pandit-chandranath-mishra-amar
dm-pays-tribute-to-litterateur-pandit-chandranath-mishra-amar

साहित्यकार पंडित चंद्रनाथ मिश्र अमर को डी.एम ने दी श्रद्धांजलि

दरभंगा, 2 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने शुक्रवार को मैथिली के मूर्धन्य साहित्यकार और ख्यातिलब्ध शिक्षाविद पंडित चंद्रनाथ मिश्र अमर के मिश्र टोला, खानका चौक स्थित उनके आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अमर जी का निधन मैथिली भाषा एवं साहित्य के साथ साथ समग्र मिथिला के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जिलाधिकारी ने दिवंगत आत्मा की चिरशांति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि 96 वर्षीय वयोवृद्ध साहित्यकार पंडित चंद्रनाथ मिश्र का गुरुवार की देर शाम उनके निवास पर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अन्य गणमान्य एवं उनके चाहनेवाले अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। दिवंगत पंडित चंद्रनाथ मिश्र अमर ने एमएलए अकादमी प्लस टू हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर अपना योगदान दिया था और वहां से वे 1981 में सेवानिवृत्त हुए। स्वर्गीय अमर को 1983 में साहित्य अकादमी पुरस्कार एवं 1998 में साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वे साहित्य अकादमी के फेलो भी रहे। साहित्य क्षेत्र के दर्जनों अन्य पुरस्कार से भी वे सम्मानित किए गए। उनके निधन से साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/विभाकर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in