आरा के महिला कॉलेज में कर्मियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था

आरा के महिला कॉलेज में कर्मियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था
आरा के महिला कॉलेज में कर्मियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था

आरा,29 जून(हि.स.)। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा की अंगीभूत इकाई महंथ महादेवानंद महिला कॉलेज आरा में संविदा कर्मियों की हड़ताल सोमवार को छठे दिन सोमवार को भी जारी रही। पिछले छह महीने से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर कॉलेज के 22 संविदा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संविदा कर्मियों के हड़ताल पर जाने से छात्राओं के कार्यालय सम्बन्धी कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। संविदा कर्मियों की यह हड़ताल ऐसे समय पर हुई है जब स्नातक खण्ड तीन सत्र 2017-20 की छात्राओं के परीक्षा फॉर्म भरे जाने का कार्य शुरू हुआ है। संविदा कर्मियों की हड़ताल से स्नातक खण्ड तीन की परीक्षा का फॉर्म भरने वाली छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्नातक खण्ड तीन सत्र 2017-20 रसायन शास्त्र प्रतिष्ठा विषय की छात्रा अंजू कुमारी और राजनीति शास्त्र की छात्रा अमृता कुमारी ने बताया कि संविदा कर्मियों की हड़ताल से कॉलेज का कार्य अस्त—व्यस्त हो चुका है और उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने में काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। संविदा कर्मी ही रसीद काटने का कार्य करते हैं और हड़ताल के कारण परीक्षा फॉर्म भरने को ले काउंटरों की कमी का खामियाजा छात्राओं को उठाना पड़ रहा है। छात्राओं ने बताया कि कोविड-19 को ले किसी तरह की सुरक्षा का ध्यान कॉलेज प्रशासन नहीं रख रहा है।सामाजिक और शारीरिक दूरी की कॉलेज में धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। छात्राओं ने बताया कि कॉलेज की भीड़—भाड़ कभी भी वैश्विक महामारी को विस्फोटक बना सकती है। उधर संविदा कर्मियों की हड़ताल से पल्ला झाड़ने वाली कॉलेज की प्राचार्या आभा सिंह ने भी परीक्षा फॉर्म भरने को ले अव्यवस्था का माहौल खड़ा कर दिया है। प्राचार्या खुद ही छात्राओं को धक्का—मुक्की के बीच लाइन लगवाने को विवश करती नजर आती हैं और सामाजिक और शारीरिक दूरी की उन्हें कोई परवाह नहीं है। प्राचार्या के दबाव पर छात्राएं बिना किसी दूरी के परीक्षा फॉर्म भरने को विवश हैं और कोरोना की चपेट में उन्हें धकेला जा रहा है। भोजपुर में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है, बावजूद इसके महिला कॉलेज में छात्राओं को खतरे के बीच खड़ा करने का सिलसिला जारी है। इस बीच संविदा कर्मियों ने हड़ताल के साथ—साथ उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है। महंत महादेवानन्द महिला कॉलेज आरा के संविदा कर्मी राधेश्याम,रामायण, मुकेश कुमार आदि ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। काम करने के बावजूद वेतन नहीं मिलने से भुखमरी की स्थिति आती जा रही है। फिलहाल संविदा कर्मियों की हड़ताल से कॉलेज की व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/ हिमांशु शेखर/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in