कैमूर पहाड़ी पर नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए अभियान जारी

campaign-continues-to-hold-naxalites-on-kaimur-hill
campaign-continues-to-hold-naxalites-on-kaimur-hill

-सोन नदी और कैमूर पहाड़ी पर सर्च अभियान प्रारम्भ पटना/डेहरी ऑन सोन, 09 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के झारखंड की सीमा से सटे रोहतास जिले की कैमूर पहाड़ी में नक्सलियों के शरण लेने की सूचना पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) एवं जिला पुलिस बल की संयुक्त छापेमारी अभियान शुक्रवार को भी जारी है। एसएसबी के सहायक समादेष्टा अभिषेक कुमार के अनुसार इस प्रकार की सूचना लगातार आ रही है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय पुलिस बल (सीआरपीएफ) और कोबरा पोस्ट के जवानों के मारे जाने के बाद व्यापक पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाने के कारण नक्सली छत्तीसगढ़ के जंगल छोड़ झारखंड एवं कैमूर पहाड़ी में शरण लेने की फिराक में हैं। इसको ध्यान में रखते हुए एसपी रोहतास आशीष भारती के दिशा-निर्देश पर बिहार, उत्तरप्रदेश और झारखंड की सीमा से सटे कैमूर पहाड़ी एवं उसके आसपास के गांवों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है । अभिषेक कुमार ने बताया कि सोन तटीय इलाके यदुनाथ पुर थाना क्षेत्र चुटिया, नौहटा और रोहतास थाना क्षेत्रों में भी सादे लिबास में एसएसबी के जवान तैनात किए गए हैं ताकि नक्सलियों की हर गतिविधि की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने बताया कि गत तीन माह मे कैमूर पहाड़ी पर बसे गांव से छापेमारी कर आधा दर्जन नक्सली कूबा निवासी भानु यादव समेत निमहत,यदुनाथ पुर आदि जगहों से गिरफ्तार किए गए हैं, ताकि कैमूर पहाड़ी में पुनः नक्सली अपना जमावड़ा बना न सके। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र से होते हुए कैमूर पहाड़ी में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर निगाह रखी जा रही है। साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के कोन थाना क्षेत्र एवं झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के हरिहरपुर, पांचाडूमर एवं पलामू जिले के हैदरनगर जपला समेत कई थाना क्षेत्र जो रोहतास जिले से सोन नदी के रास्ते आने जाने का मार्ग हैं इन सभी पर गुप्त रूप से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार संपर्क में हैं ताकि नक्सली अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकें। सोन तटीय इलाकों के साथ कैमूर पहाड़ी पर बसे गांव एवं जंगलों में भी छापेमारी अभियान चलाई जा रही है। छापेमारी अभियान में नौहट्टा थानाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा के साथ एसएसबी के जवान एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ उपेन्द्र/गोविन्द/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in