बख्तियारपुर में स्थापित की जा रही हैं पांच स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा पटना, 09 जनवरी (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी कविराज स्व रामलखन सिंह वैद्य जी, शहीद मोगल सिंह जी, शीलभद्र याजी जी, डुमर सिंह जी और शहीद नाथुन सिंह यादव जी की आदमकद प्रतिमा की स्थापना बख्तियारपुर में की जा रही है। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि और पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को इन प्रतिमाओं के अनावरण की तैयारी का जायजा किया। प्रतिमा स्थलों के निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रतिमा निर्माण, स्थल की तैयारी, चहारदीवारी सहित कई अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी विचार विमर्श किया तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही सचिव भवन निर्माण विभाग ने कार्यपालक अभियंता कार्य प्रमंडल पटना सिटी और गुलजारबाग को सभी आवश्यक तैयारियां और अनुमंडल पदाधिकारी बाढ़ को कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। इस मौके पर अपर समाहर्ता विनायक मिश्रा,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बाढ़ सुमित कुमार ,प्रखंड विकास पदाधिकारी बख्तियारपुर, अंचलाधिकारी बख्तियारपुर सहित कई अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव-hindusthansamachar.in