a-review-of-the-preparations-for-possible-floods-and-droughts-was-held-under-the-chairmanship-of-the-chief-minister
a-review-of-the-preparations-for-possible-floods-and-droughts-was-held-under-the-chairmanship-of-the-chief-minister

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ एवं सूखा की पूर्व तैयारी पर हुई समीक्षा

पटना, 07 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई।बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून अवधि में सामान्य वर्षा की संभावना है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण का अभी दौर चल रहा है। इससे लोगों का बचाव हमारी प्राथमिकता है। पूरा प्रशासन इसके लिए तत्परता से काम कर रहा है। इस विषम परिस्थिति में सबको मिल-जुलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि बिहार में कभी बाढ़, कभी सुखाड़ की स्थिति बनी रहती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावना को देखते हुए पूरी तैयारी रखें। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों का टीम बनाकर सही आकलन करवाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए बचे हुए सभी कटाव निरोधक कार्य एवं बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को जल्द पूरा करें। बाढ़ की स्थिति में तटबंधों के निगरानी के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके लिए गश्ती कार्य नियमित रूप से हो। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों एवं विधान पार्षदों से उनके क्षेत्रों के संबंध में भी जल्द से जल्द सुझाव लें और उस पर अमल करें। पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की मरम्मति की पूर्ण तैयारी रखें। ग्रामीण सड़कें जो पहले से क्षतिग्रस्त हैं, उनका भी मरम्मति कार्य जल्द पूर्ण करें। गुणवत्ता पूर्ण सड़कों का निर्माण के साथ-साथ उनको मेनटेन रखना भी उतना ही जरूरी है। मुख्यमंत्रीे कहा कि 30 मई तक पशुचारा का दर एवं आपूर्तिकर्ता, बाढ़ राहत सामग्री आदि के संबंध में पूरी व्यवस्था कर लें। सुखाड़ की स्थिति में पशुओं के लिए जल की उपलब्धता हो, इसकी भी तैयारी रखें। उन्होंने कहा कि हर घर तक नल का जल के माध्यम से लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही अगर कहीं चापाकल की आवश्यकता महसूस होगी तो उसकी भी व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ की संभावना को देखते हुये बाढ़ राहत केंद्र के लिये जगह को चिन्हित कर पहले से ही सारी तैयारी रखें। संबद्ध विभाग संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर पूर्ण तैयारी रखें। इसको लेकर जून के पहले सप्ताह में एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार उपस्थित थे, जबकि वीडियो कन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन जुड़े हुए थे। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in