304-crore-38-lakh-will-be-spent-on-industrial-development
304-crore-38-lakh-will-be-spent-on-industrial-development

औद्योगिक विकास पर 304 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे

समस्तीपुर, 11 जून (हि.स.)। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन शुक्रवार को एकदिवसीय दौरे पर समस्तीपुर पहुंचे। समस्तीपुर की उनकी यह यात्रा निजी वजहों से है। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास के लिए सरकार संकल्पित है और इस ओर लगातार काम जारी है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर जिले में औद्योगिक विकास पर 304 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले के गौसपुर सरसौना में 130 लाख की लागत से सीमेंट प्लांट, बाजितपुर में कोल्ड स्टोरेज, करीमाबाद में 3.60 करोड़ की लागत से होटल और सरसौना में इथनॉल बनाने के लिए 154 करोड़ का एप्रुवल मिला है। उन्होंने कहा कि हसनपुर में 26 करोड़ से एक्प्रेंसन का काम चल रहा है। पूसा रोड स्थित खादी ग्राम उद्योग संस्थान में 43 चरखा दिया गया। उपेन्द्र महास्थली शिल्प संस्था और वस्त्र मंत्रालय के सौजन्य से रोसड़ा वेनु शिल्प संस्थान में 40 लाख की लागत से सुविधा केन्द्र का निर्माण कराया गया है उद्योग मंत्री ने कहा कि ये तो सिर्फ झांकी है। विकास अभी बांकी है। आने वाले दिनों में प्रदेश की और तरक्की होगी। उन्होंने कहा कि औरगंबाद से दरभंगा निर्माणाधीन फोरलाइन के किनारे पूसा और ताजपुर के बीच 200 एकड़ में उद्योग केन्द्र बनाए जाएंगे। वहीं न्यू-एलायमेंट सड़कों के किनारे उद्योग स्थापित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि संपन्न चुनाव उद्योग व रोजगार पर केन्द्रित था। इसलिए यह सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में बिजली, सिंचाई, सड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसलिए अब रोजगार व उद्योग पर अधिक जोर दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में बिहार का मजाक उड़ाने वालों को करारा जबाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन अपने सहयोग दलों के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की किरण पहुंच रही है। हिन्दुस्थान समाचार/त्रिलोकनाथ

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in