tributes-paid-to-former-cm-burman-in-the-assembly-premises-janata-bhawan-and-congress-headquarters
tributes-paid-to-former-cm-burman-in-the-assembly-premises-janata-bhawan-and-congress-headquarters

विधानसभा परिसर, जनता भवन व कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व सीएम बर्मन को दी गयी श्रद्धांजलि

गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा परिसर, जनता भवन (सचिवालय) व कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को असम के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ भूमिधर बर्मन को श्रद्धांजलि दी गयी। असम विधानसभा परिसर और जनता भवन में सोमवार को असम के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ भूमिधर बर्मन को श्रद्धांजलि दी गई। सात बार के विधायक रहे बर्मन ने रविवार शाम को गुवाहाटी के दिसपुर अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। दूसरी ओर गुवाहाटी स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के राजीव भवन में भी कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर ले जाया गया। डॉ बर्मन का अंतिम संस्कार मंगलवार को नलबाड़ी जिला के बेलसर स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताडॉ बर्मन 22 अप्रैल, 1996 से 14 मई, 1996 तक की थोड़ी अवधि के लिए असम के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद भी तत्कालीन मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बीमार होने के दौरान भी कुछ समय के लिए असम के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। इसके अलावा उन्होंने एक मंत्री के रूप में भी कई अहम मंत्रालयों का कार्यभारा संभाला था। बेलसर में 12 अक्टूबर, 1931 में जन्मे बर्मन ने 1956 में असम मेडिकल कॉलेज डिब्रूगढ़ से स्नातक किया। वह पहली बार 1967 में नलबाड़ी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। डॉ बर्मन को इसी निर्वाचन क्षेत्र से 1972 में फिर से जीत मिली थी। 1983 में धर्मपुर से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए। बाद में वे 1991, 2001, 2006 और 2011 में बरखेत्री से विधायक चुने गये। बुढ़ापे के कारण डॉ बर्मन ने 2016 में चुनाव नहीं लड़ा था। डॉ बर्मन ने सरकार और कांग्रेस पार्टी दोनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी थीं। असम के राज्यपाल प्रो जगदीश मुखी, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, वित्त, स्वास्थ्य आदि मामलों के मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा, भाजपा अध्यक्ष रंजीत दास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता देवब्रत सैकिया, एआईसीसी के महासचिव व असम के कांग्रेसी पर्यवेक्षक जितेंद्र सिंह, एजेपी के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई, अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा, के अलावा अन्य पार्टियों के नेताओं ने भी डॉ बर्मन के निधन पर शोक जताया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सोनोवाल ने शोक व्यक्त करते हुए उनकी याद में राज्य में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा ने बताया है कि पूर्व नेता की शोक में राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया जाएगा। राजकीय शोक के दौरान कोई भी मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे। मंगलवार को डॉ बर्मन की अंत्येष्टि पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in