state-bjp39s-greats-could-not-oppose-modi-ripun-bora
state-bjp39s-greats-could-not-oppose-modi-ripun-bora

मोदी का विरोध नहीं कर सके प्रदेश भाजपा के महानायक : रिपुन बोरा

-कांग्रेस ने जारी किया बीजेपी का "लक्ष्य विहीन विजन डाक्यूमेंट, झूठ का पुलिंदा" गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने आरोप लगाया है कि असम के हितों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विरोध करने की प्रदेश भाजपा के महानायकों में हिम्मत नहीं है। इनका सारा समय चाटुकारिता में ही बीता। उन्होंने कहा कि यदि वे असम के हितों की बात पर मोदी का विरोध कर पाते तो इन्हें हम महानायक अवश्य कहते। सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के 2016 के चुनाव के मौके पर जारी किए गए विजन डॉक्यूमेंट के हर बिंदु पर टिप्पणी की। कांग्रेस द्वारा सोमवार को जारी की गयी पुस्तिका "लक्ष्य विहीन विजन डाक्यूमेंट, झूठ का पुलिंदा" में भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार में आते ही इसके नेता विजन डॉक्यूमेंट को उल्टा करने लग गये। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट में प्रदेश भाजपा द्वारा कहा गया था कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो असम को प्राप्त विशेष राज्य के दर्जा का पूरा का पूरा लाभ असम उठाएगा। लेकिन, हुआ इसका उल्टा। उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार बनते ही असम से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने कहा कि सन् 1969 से असम को विशेष राज्य का दर्जा प्राप्त था। इस दर्जा के तहत विकास संबंधी योजनाओं के मद में असम सरकार को सिर्फ़ 10 फ़ीसदी ही अंशदान देना होता था, 90 फ़ीसदी अंशदान केंद्र सरकार द्वारा देना होता था। उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा समाप्त होने की वजह से असम को प्रत्येक वर्ष 8400 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। वहीं, दूसरा मुद्दा उन्होंने असम समझौते का अक्षरस: पालन करने संबंधी विजन डॉक्यूमेंट में भाजपा द्वारा किए गए वादे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही असम समझौते की 6 नंबर दफा के अनुसार असम के स्थानीय लोगों को विशेषाधिकार देने का वादा किया गया था। लेकिन, सरकार का 5 वर्ष बीत गया इसके लिए गठित कमेटी की अनुशंसा को डस्टबिन में डाल कर रखा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने विजन डॉक्यूमेंट में सत्रों (मठ) की जमीन की रक्षा करने का वादा किया था। लेकिन, भाजपा सरकार का पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार इस दिशा में कितना काम कर पाई यह लोगों को बताए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट में भाजपा ने असम के प्रत्येक शहर में नौकरी मेला लगाकर लोगों को नौकरी देने की बात कही थी। लेकिन, अब सरकार पकोड़ा बनाकर बेचने की सलाह दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं ने विजन डॉक्यूमेंट में गुवाहाटी में शुद्ध पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की बात कही थी, लेकिन इस सिलसिले में 5 वर्षों तक किस प्रकार लूट खसोट हुआ है, यह जनता के सामने है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि असम के राजनीतिक इतिहास में भाजपा को विश्वासघाती दल के रूप में हमेशा ही याद रखा जाएगा। पत्रकार सम्मेलन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के साथ प्रदेश कांग्रेस की महासचिव तथा मीडिया सेल की अध्यक्ष बबीता शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के सचिव तथा प्रवक्ता प्रफुल्ल दास, मीरा बरठाकुर और अभिजीत मजूमदार आदि भी मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छह बिंदुओं पर सवाल भी पूछे हैं। हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in