guwahati-congress-committee-protests-against-price-hike-in-petroleum-products
guwahati-congress-committee-protests-against-price-hike-in-petroleum-products

गुवाहाटी कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि के विरुद्ध किया विरोध प्रदर्शन

गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा को लेकर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया है। एपीसीसी आगामी विस चुनाव के मद्देनजर राज्य वासियों का ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश कर रही है। इसके तहत आज राजधानी गुवाहाटी के गणेशगुड़ी स्थित सरावगी पेट्रोल पंप के सामने पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार हो रही मूल्य वृद्धि को लेकर गुवाहाटी जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता घोड़ा गाड़ी लेकर प्रदर्शन में शामिल होते हुए सरकार को यह बताने की कोशिश की की महंगाई के चलते अब लोग गाड़ियों को चलाने की स्थिति में नहीं हैं। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कामरूप (मेट्रो) जिला गुवाहाटी कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष डॉ जुरी शर्मा बरदलै ने किया। विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री अकन बोरा, पूर्व सांसद आरपी शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, यंग ब्रिगेड के साथ ही जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद थे। प्रदर्शनकारी हाथों में प्ले कार्ड आदि लेकर केंद्र और राज्य सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने सरकार से पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में कमी करने की मांग की। नेताओं ने भाजपा नेतृत्वाधीन सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा केवल बातों में ही सरकार चला रही है। डॉ जुरी शर्मा बरदलै ने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली भाजपा की राजनीति से सामान्य जनता बेहद परेशान है। यह सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों और व्यवसायियों के हितों की रक्षा करने में जुटी हुई है। आम जनता पर महंगाई का बोझ लाद दिया है। उन्होंने कहा कि इन जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस सदैव विरोध करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2021 के विधानसभा चुनाव में सत्ताच्युत करने के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट हो चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार /अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in