नाउबेचा में डॉ हिमंत ने साइकिल रैली के जरिए किया चुनाव प्रचार
लखीमपुर (असम), 21 फरवरी (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री व नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (नेडा) के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा पिछले एक महीने से अधिक समय से राज्य में राज्य की सत्ताधारी पार्टी को पुनः सत्ताशीन करने के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। हालांकि, अभी तक चुनावों के तिथी की घोषणा नहीं हुई है। बावजूद उन्होंने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस कड़ी में रविवार को लखीमपुर जिला के नाउबेचा विधानसभा में आयोजित साइकिल रैली में डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने हिस्सा लिया। गुवाहाटी से हेलीकाप्टर से नाउबेचा पहुंचने पर डॉ हिमंत का भाजपा समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। डॉ हिमंत की मौजूदगी में आयोजित साइकिल रैली में भारी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता, कार्यकर्ता व समर्थकों ने हिस्सा लिया। रैली के बाद नाउबेचा में एक जनसभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें डॉ हिमंत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए उठाये गये कदमों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विपक्षी पार्टियों और उनके नेताओं पर भी जमकर कटाक्ष किया। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद