cm-planted-rudraksh-plant-on-world-environment-day
cm-planted-rudraksh-plant-on-world-environment-day

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा

-बीटीआर के रायमोना रिजर्व फॉरेस्ट को राष्ट्रीय पार्क में किया तब्दील गुवाहाटी, 05 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी के गांधी मंडप परिसर में आयोजित पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए 11 रुद्राक्ष के पौधे लगाए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता के महात्मा गांधी के आदर्शों का पालन करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दें। इस अवसर पर उन्होंने बीटीआर के कचुगांव वन खंड अंतर्गत रायमोना रिजर्व फॉरेस्ट को राष्ट्रीय उद्यान में अपग्रेड करने के राज्य सरकार के फैसले के अलावा देहिंग पाटकाई को राष्ट्रीय उद्यान बनाने की चल रही प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, यह राज्य में छठा राष्ट्रीय उद्यान होगा और इस क्षेत्र में समृद्ध जैव विविधता के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम होगा। डॉ सरमा ने बताया कि राज्य सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का आज से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और जलवायु परिवर्तन विभाग के रूप में नामकरण किया जाएगा ताकि जलवायु संरक्षण को सरकारी योजना और कार्रवाई के केंद्र में शामिल किया जा सके। राज्य में 10 हजार हेक्टेयर भूमि के पुनर्वनीकरण के परिणामस्वरूप वन एवं पर्यावरण विभाग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा शुरू की गई विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 28 जिलों में साहित्य मनीषी उपवन नाम के 28 जैव विविधता पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी विकास विभाग (जीडीडी) को महात्मा गांधी के विभिन्न यादगार पहलुओं को गांधी मंडप में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रपिता के जीवन और शिक्षाओं के बारे में जागरूक किया जा सके। बाद में मुख्यमंत्री ने शहर के बशिष्ठ स्थित गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के गैरज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और शहर के जीएमसी वार्डों में कचरा संग्रहण में लगे एनजीओ को 12 कचरा ढोने वाले ऑटो टिप्पर वितरित किए। उन्होंने बताया कि पहले चरण में ऐसे 100 ऑटो टिपर वितरित किए जाएंगे और उम्मीद जताई कि ये टिप्पर गुवाहाटी को साफ रखने में मदद करते हुए कूड़ा निस्तारण प्रणाली में काफी सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने शहर में इस वर्ष कृत्रिम बाढ़ के प्रभावी प्रबंधन की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। दोनों कार्यक्रमों में जीडीडी मंत्री अशोक सिंघल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in