cm-inaugurates-construction-work-of-assam-police-academy-in-deragaon
cm-inaugurates-construction-work-of-assam-police-academy-in-deragaon

सीएम ने देरगांव में असम पुलिस अकादमी के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

गोलाघाट (असम), 24 फरवरी (हि.स.)। 21वीं शताब्दी की चुनौतियों से मुकाबला करने के लिए आधुनिक व्यवस्था से परिपूर्ण पुलिस बल को तैयार करना होगा। इसके मद्देनजर वर्तमान असम सरकार पुलिस बल को शक्तिशाली बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के जरूरी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में गोलाघाट जिला के देरगांव स्थित असम पुलिस अकादमी को नए सिरे से तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने काम का शुभारंभ किया है।ये बातें बुधवार को अकादमी के शिलान्यास अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कही। मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि देरगांव की पुलिस अकादमी केवल राज्य की पुलिस के लिए ही नहीं बल्कि देश तथा विदेश के पुलिस बल को आधुनिक प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण महाविद्यालय के पुलिस बल लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के संवैधानिक दायित्वों का पालन करने के लिए प्रतिज्ञाबद्ध हैं। इस अकादमी के बन जाने से स्मार्ट पुलिस के क्षेत्र में राज्य काफी आगे बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि अकादमी वैश्विक मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाते हुए वर्तमान प्रतियोगी युग में उल्लेखनीय भूमिका निभाएगी। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय 11 सौ बीघा जमीन पर 1024 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम लोक सेवा के अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए उमरांग्सू में आनंद राम बरुवा एसीएस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बनाने के लिए राज्य सरकार ने कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में पदभार संभालने के साथ ही कई योजनाओं को शुरू किया था। उनका उद्देश्य अधिकारों से वंचित लोगों को समान मर्यादा देकर सबका विकास करना था। इसके लिए कई योजनाएं शुरू की गई थी। उस पर सरकार पूरी तरह से अमल कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा श्रमिक, गरीब, शोषित, वंचित समाज को आगे ले जाने के लिए उठाए गए राज्य सरकार के कदमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में आम लोगों को विभिन्न तरह की समस्याओं से दो-चार होना पड़ता था। बिचौलिए गरीबों के अधिकारों पर कब्जा कर लेते थे। मेधावी विद्यार्थी भी सरकारी क्षेत्रों में नियुक्ति पाने से वंचित रह जाते थे। भ्रष्टाचार समाज जीवन को बेहद दुर्बल बना चुका था। आम जनता में विश्वास की कमी हो गई थी। लेकिन, भाजपा नेतृत्वादीन सरकार के सत्ता में आने के बाद से इन तमाम समस्याओं पर लगाम लगाई गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मोइत्री योजना के अधीन देरगांव पुलिस थाना के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) हरमीत सिंह ने स्वागत भाषण प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री अतुल बोरा, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक भवेंद्र नाथ भराली, पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत और गृह विभाग के आयुक्त सचिव एम मनिभन्न ने भी अपने विचारों को व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान असम पुलिस गृह निर्माण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद कलिता, गोलाघाट जिला उपायुक्त विभाष चंद्र मोदी आदि पदाधिकारी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार /अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in