chief-minister-sonowal-distributed-scooty-during-women39s-festival-2121
chief-minister-sonowal-distributed-scooty-during-women39s-festival-2121

महिला समारोह-2021 के दौरान मुख्यमंत्री सोनोवाल ने बांटी स्कूटी

गुवाहाटी, 11 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने गुरुवार को राजधानी के सोरूसजाई स्टेडियम में आयोजित महिला समारोह-2021 के अवसर पर महिलाओं के बीच स्कूटी का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई अन्य महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाएं भी औपचारिक रूप से शुरू की। महिला समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सोनेवाल ने कहा कि देश को समृद्ध बनाने के लिए महिलाओं को समृद्ध बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने ऋग्वेद के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी 6000 साल पुरानी भारतीय संस्कृति महिलाओं को विशेष स्थान देने की रही है। अपनी इसी संस्कृति को असम की महिलाओं के बीच जीवंत बनाए रखने के लिए सरकार में आने के बाद से हम लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 55 वर्षों के शासनकाल में असम की महिलाओं का वह विकास नहीं हो सका और जो होना चाहिए था। उन्होंने महिला सबलीकरण के जरिए उन्नत समाज बनाने की योजना पर इस दौरान कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेल्फ हेल्प ग्रुप के जरिए महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की हर संभव कोशिश की गई है ताकि, महिलाएं आमदनी करें और अपने साथ अपने परिवार को भी आत्मनिर्भर बनायें। उन्होंने कहा कि परिवार में महिलाओं की आमदनी होने से परिवार अच्छी तरह से चल सकता है। उन्होंने कहा कि 58 हजार महिला संघ के गुटों द्वारा 915 करोड रुपए की आमदनी करके यह साबित कर दिया गया है कि महिलाओं में क्या क्षमता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विस्तारित कनकलता महिला सबलीकरण योजना, आई देव हैंडिंक महिला सम्मान योजना, जीविका सखी, मुख्यमंत्री दिव्यांग आत्मनिर्भर योजना का भी औपचारिक शुरुआत किया। उन्होंने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिलाओं के विकास के प्रति गंभीरता की भी अपने संबोधन में चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने असमिया गमछा को अपने गले में पहन कर पूरी दुनिया में असम का सम्मान बढ़ाया है। यही वजह है कि आज पूरी दुनिया में असम की एक अलग पहचान बनी है। प्रधानमंत्री ने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर असमिया गमछा पहन कर इसे लोकप्रिय बनाया है। कार्यक्रम को राज्य के कृषि मंत्री अतुल बोरा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नब कुमार दलै आदि ने भी संबोधित किया। जहां पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव डॉ जेबी एक्का, राजस्व आदि मामलों के मंत्री योगेन मोहन, मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार शांतनु भराली, विधायक अतुल बोरा, रमेंद्र नारायण कलिता, अशोक शर्मा, वीरेंद्र कुमार सैकिया, नवनीता हैंडिक, सुमन हरिप्रिया आदि भी मौजूद थीं। हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/ अरविंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in