bjp-launches-statewide-family-contact-campaign-in-assam
bjp-launches-statewide-family-contact-campaign-in-assam

असम में भाजपा ने शुरू किया राज्यव्यापी परिवार संपर्क अभियान

गुवाहाटी, 23 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने मंगलवार से राज्यव्यापी परिवार संपर्क अभियान नामक कार्यक्रम शुरू किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास के साथ पार्टी के पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, बूथ तथा मंडल स्तर के कार्यकर्ता आगा 01 मार्च तक परिवार संपर्क अभियान कार्यक्रम को पूरे राज्य भर में चलाएंगे। अभियान के पहले चरण के तहत मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने दिसपुर विधानसभा के अंतर्गत राजधानी मंडल में कई परिवारों से मिलकर पार्टी की नीतियों और आदर्शों के बारे में बताते हुए भाजपा का सहयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर रंजीत दास ने कहा कि परिवार संपर्क अभियान कार्यक्रम के जरिए भाजपा के लाखों कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा के प्रत्येक मंडल, प्रत्येक बूथ के लगभग 67 लाख परिवारों से संपर्क कर पार्टी के विचारों को पहुंचाएंगे। इसके जरिए कार्यकर्ता भाजपा नेतृत्वाधीन राज्य सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों से अवगत कराते हुए कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी देंगे। परिवार संपर्क अभियान की कड़ी में मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोतिया विधानसभा के जामगुरीहॉट इलाके में कई परिवारों से मिलकर अपनी सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया ने पूर्णकामदेव मोमाइतोला गांव में परिवारों से मिलकर अपनी पार्टी और सरकार की नीतियों को लेकर चर्चा की। इसी कड़ी में नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने होजाई जिला में पहुंचकर विभिन्न परिवारों के साथ चर्चा की। भाजपा नेताओं ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी राज्य के प्रत्येक परिवारों तक पहुंच कर अपनी बात को रखेगी ताकि, आगामी चुनाव में पार्टी एक बार फिर से चुनाव जीतकर जनता की सेवा के लिए कार्य करती रहे। हिन्दुस्थान समाचार /अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in