असम
मूल्य वृद्धि के खिलाफ आसू का विरोध प्रदर्शन जारी
नगांव (असम), 19 फरवरी (हि.स.)। ऑल असम छात्र संघ (आसू) के आह्वान पर शुक्रवार को नगांव जिला छात्र संस्था द्वारा छात्र संगठन के कार्यालय के सामने मूल्य वृद्धि के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित अन्य खाने-पीने के सामानों का दाम दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। इस पर लगाम लगाने में राज्य सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। आसू नेताओं ने कहा कि अति आवश्यक सामानों के दाम में इजाफा होने से लोग काफी परेशान हैं। राज्य सरकार को जल्द से जल्द मूल्य वृद्धि पर लगाम लगानी चाहिए। ज्ञात हो कि आसू के आह्वान पर शुक्रवार को राज्य के विभिन्न इलाकों में महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/ असरार/ अरविंद