korba-lions-club-provided-corporation-with-vehicle-for-sanitization
korba-lions-club-provided-corporation-with-vehicle-for-sanitization

कोरबा : सेनेटाइजेशन हेतु लायंस क्लब ने निगम को दिया वाहन सहित मशीन

कोरबा, 06 मई (हि.स.)। लायंस क्लब कोरबा द्वारा निगम क्षेत्र में सेनेटाइजेशन का कार्य किए जाने हेतु निगम को वाहन सहित सेनेटाइजेशन मशीन प्रदान की गई है। गुरुवार को निगम के केन्द्रीय भण्डार गृह में लायंस के पदाधिकारियों व सदस्यों ने निगम के अधिकारियों को वाहन सहित सेनेटाइजेशन मशीन सौपी। उल्लेखनीय है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कोरोना के विरुद्ध लड़ी जा रही इस बड़ी लड़ाई में नगर के स्वयंसेवी व सामाजिक संगठनों से यथासंभव सहयोग एवं सहभागिता देने का आह्वान किया है। कलेक्टर किरण कौशल ने भी नगर की स्वयंसेवी व सामाजिक संस्थाओं से इस दिशा में अपना सहयोग देने का आग्रह किया है। नगर की अनेक स्वयंसेवी संस्थाएं कोरोना के विरुद्ध लड़ी जा रही इस जंग में अपनी सहभागिता मजबूती के साथ दे रही हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की दिशा में सेनेटाइजेशन का कार्य एक महत्वपूर्ण कदम है। महापौर राजकिशोर प्रसाद के मार्गदर्शन एवं आयुक्त एस.जयवर्धन के दिशा निर्देश में नगर निगम कोरबा द्वारा निगम के वार्डो, बस्तियों, सार्वजनिक स्थलों, अस्पतालों, शासकीय कार्यालयों, सुलभ शौचालयों सहित अन्य स्थानों का सेनेटाइजेशन लगातार कराया जा रहा है। निगम के सेनेटाइजेशन कार्य में और अधिक गति आए इस दिशा में आवश्यक सहयोग करते हुए लायंस क्लब कोरबा द्वारा निगम को वाहन सहित सेनेटाइजेशन मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस मौके पर लायंस क्लब के ट्रस्ट चेयरमेन श्रीकांत बुधिया, डिस्ट्रिक गर्वनर जेपी अग्रवाल, लायंस अध्यक्ष सतेन्द्र वासन, निगम के स्वास्थ्य अधिकारी वीके सारस्वत, डॉ.संजय तिवारी व सुनील वर्मा, लायन राजकुमार अग्रवाल उत्सव, राजकुमार अग्रवाल श्वेता, संतोष खरे सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in