kondagaon---shyam-sundar-a-divine-of-big-bender-from-mgnrega-found-a-new-way-of-life
kondagaon---shyam-sundar-a-divine-of-big-bender-from-mgnrega-found-a-new-way-of-life

कोण्डागांव - मनरेगा से बड़ेबेंदरी के दिव्यांग श्याम सुंदर को मिली जीने की नई राह

कोण्डागांव 08 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय से 17-18 किमी दूर ग्राम पंचायत बडेबेंदरी मे निवासरत दिव्यांगजन श्याम सुंदर कोर्राम पिता स्व. भगतराम कोर्राम जो बांये पैर से दिव्यांग है। वर्षों से वह अपनी पुश्तैनी भूमि पर मौसमी खेती करते आ रहे थे साथ ही उनके परिवार के लिए खेती से पर्याप्त आय न होने के कारण कृषि श्रमिक के रूप में अन्य लोगों के खेतों में भी कार्य किया करते थे। मनरेगा योजना आने के बाद से उन्हें अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए वर्षभर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होती रही। अपनी आय में वृद्धि के लिए अन्य विकल्पों के लिये तकनीकी सहायक वीरेन्द्र साहू से सम्पर्क कर आय वृद्धि के स्त्रोतों के संबंध में चर्चा कर श्याम सुंदर ने बंजर भूमि के उन्नयन के लिए निजी डबरी निर्माण किया। निर्माण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक से अनुमोदन मिलने के उपरांत सीईओ जिला पंचायत डीएन कश्यप द्वारा दी गई। इसके तहत् 2.78 लाख रूपये की राशि से मनरेगा के मद से श्याम सुंदर के खेत में डबरी का निर्माण किया जाना था। जिसमें ”निजी डबरी निर्माण कार्य श्यामसुंदर“ का निर्माण 1.92 लाख में हीं पूर्ण हो गया। जिसके निर्माण में कुल 1041 मानव दिवस सृजित हुये। इन सृजित मानव दिवसों में से 150 मानव दिवस का रोजगार श्याम सुंदर कोर्राम के परिवारजनों को भी प्राप्त हुआ। जिसके द्वारा उनके परिवार को कुल 26400 रूपये का लाभ प्राप्त हुआ। डबरी निर्माण से ग्राम पंचायत के अन्य जाॅबकार्डधारी परिवारों को भी 891 मानव दिवसों का रोजगार प्राप्त हुआ। वर्तमान में उन्हें मत्स्य विभाग द्वारा मछलियों के 07 किलो बीज प्राप्त हुए हैं। जिनसे उनके डबरी में मत्स्य पालन से 15 से 20 हजार रूपये के मत्स्य उत्पादन की संभावना है साथ ही अब उन्होंने बत्तख पालन का कार्य भी प्रारंभ किया है। जिसके लिए उन्होंने 08 बत्तख भी पाले हैं। इसके अतिरिक्त अब वे पारम्परिक धान उत्पादन के अलावा बैगन, मेथी, लौकी, करेला, टमाटर आदि साग-सब्जियों के उत्पादन से भी जुड़ गये हैं। जिनसे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है। ज्ञात हो कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में 31 मार्च 2021 तक श्याम सुंदर द्वारा स्वयं 53 मानव दिवसों में कार्य कर 10070 रूपये का लाभ प्राप्त किया साथ ही पूरे परिवार नें 94 मानव दिवस प्राप्त कर कुल 17860 रू का आर्थिक लाभ किया है। इस दौरान दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण यांत्रिकी विकास विभाग द्वारा ग्राम विकास हेतु निर्माण किये जा रहे चबूतरे निर्माण, डबरी निर्माण एवं अन्य निर्माणों में भी अपनी सक्रिय सहभागिता दी। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव गुप्ता

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in