केदारनाथ आपदा में मारे गये लोगों को जल्द मिले मृत्यु प्रमाणपत्रः अश्विनी चौबे
केदारनाथ आपदा में मारे गये लोगों को जल्द मिले मृत्यु प्रमाणपत्रः अश्विनी चौबे

केदारनाथ आपदा में मारे गये लोगों को जल्द मिले मृत्यु प्रमाणपत्रः अश्विनी चौबे

केदारनाथ आपदा की 7वीं बरसी पर दी गई दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि आभासी सम्मलेन के माध्यम से हुआ आयोजन, हवन और पूजन भी किया गया पटना, 17 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय उत्तराखंड त्रासदी पीड़ित मंच की ओर से बुधवार को केदारनाथ आपदा की 7वीं बरसी मनाई गई। इस दौरान दिवंगत आत्माओँ को श्रद्धांजलि दी गई। हवन और प्रार्थना सभा कर उन्हें याद किया गया। इसके लिए ऑनलाइन आभासी सम्मलेन का संयोजन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने किया। इस मौके पर उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से गुजारिश की है कि केदारनाथ आपदा में प्राण गवाएं बड़ी संख्या में लोगों के परिजनों को अभी तक मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं, जल्द से जल्द उन सभी लोगों को प्रमाण पत्र दिये जाएं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के सदस्यों की भावनाओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में पद्मविभूषण श्री श्री जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज, जगतगुरु स्वामी अनंताचार्य जी महाराज, केदारनाथ मंदिर के पुजारी, मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, केदारनाथ आपदा में अपने परिजनों को खोने वाले पीड़ित परिवारों के सदस्य, साधु-संत, सामाजिक, आध्यात्मिक संगठन की बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पद्मविभूषण श्री श्री जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज और जगतगुरु स्वामी अनंताचार्य जी महाराज जी ने आशीर्वचन दिया। बक्सर के रामेश्वरम मंदिर, गया के विष्णुपद और भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर से बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि सभा में ऑनलाइन से जुड़े। कॉन्फ्रेंस का संचालन अर्जित चौबे ने किया। इस मौके पर परिवार के सदस्य अविरल चौबे, नीता चौबे, सुरभि चौबे ने केदारनाथ त्रासदी के अपने अनुभव से सभी को अवगत कराया। गौरतलब है कि केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे केदारनाथ आपदा की बरसी पर प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 6 सालों से करते आ रहे हैं। केदारनाथ त्रासदी के संदर्भ में उन्होंने त्रिनेत्र पुस्तक भी लिखी है जिसमें आपदा का आंखों देखा विवरण है। इस पुस्तक का लोकार्पण 17 जून 2015 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने किया था। कांफ्रेंस में भाजपा नेता मनीष तिवारी, शम्भूनाथ पांडेय, परशुराम चतुर्वेदी, समाजसेवी बिंदा पासवान, मुरारी भगत, बैजू पासी सहित अन्य लोग भी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि केदारनाथ के उस भीषण आपदा का केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे सपरिवार प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। 7 साल पहले आपदा की उस रात चौबे सपरिवार एवं अपने कुछ नजदीकी मित्रों के साथ केदारनाथ में ही उपस्थित थे। भारत-चीन सीमा पर शहीद वीर सपूतों को किया नमन इससे पहले भारत-चीन सीमा पर मां भारती के वीर सपूतों की हुई शहादत को सादर नमन किया गया। उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री चौबे ने कहा कि देशवासी अपने वीर शहीदों के अमर शहादत को कभी नहीं भूलेंगे। देश आपका बलिदान हमेशा याद रखेगा। शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/विभाकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in