गैर जिम्मेदार विपक्ष सेना का मनोबल गिराने में जुटी:  जेपी नड्डा
गैर जिम्मेदार विपक्ष सेना का मनोबल गिराने में जुटी: जेपी नड्डा

गैर जिम्मेदार विपक्ष सेना का मनोबल गिराने में जुटी: जेपी नड्डा

-राज्यों से पूछा जाने वाला सवाल केंद्र से पूछ रहीं सोनिया गांधी अरविंद राय गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। गैर जिम्मेदार विपक्ष छिंटाकसी के जरिए देश की सेना के मनोबल को गिराने के कार्य में जुटा हुआ है। हमने 1962, 1965, 1971 समेत सभी युद्धों में सरकार का साथ दिया। लेकिन, कांग्रेस पार्टी कारगील युद्ध के साथ ही वर्तमान में चीन से संघर्ष के समय सेना व सरकार पर छिंटाकसी करने में जुटी हुई है। यह बेहद दुर्भाग्यजनक है। ये बातें मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित जन संबोधन (जनसंवाद) नामक वर्जुअल रैली को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी से लड़ाई लड़ने के लिए जब लॉकडाउन लगाया तो विपक्ष ने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्यों लगाया, जब उठाया गया तो फिर से पूछा कि क्यों उठाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों ने सबसे पहले लॉकडाउन लगाया था और वे ही सवाल भी पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोडमैप तैयार है, कांग्रेस का रोडमैप क्या है उसे बताना चाहिए। उन्होंने ने कहा कि चीन को हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। वहीं कांग्रेस जवानों का मनोबल गिराने की कोशिश कर रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि डोकलाम विवाद के दौरान भी राहुल गांधी गुप्त तरीके से चीनी राजदूत से मिल थे। उनके मिलने के पीछे क्या रहस्य था। उन्हें बताना चाहिए। वहीं सर्जिकल स्ट्राइक व एयर इस्टाइक पर कांग्रेस प्रमाण मांगते हुए सेना के शौर्य को कम करने की कोशिश की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस का मुंहतोड़ जवाब देने क साथ ही उनके दुष्प्रचार को जनता के बीच ले जाकर उनका पर्दाफाश करें। वहीं कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी पर हमला करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सवाल उठा रही हैं। उन्हें पेट्रोल व डीजल के बढ़े दाम के संबंध में अपनी राज्य सरकारों छत्तीगढ़, पंजाब, राजस्थान, मुंबई से पूछनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यों से पूछे जाने वाले सवाल को सोनिया गांधी केंद्र सरकार से पूछ रही हैं। यह उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश में पिछले छह दशकों में जो नहीं हुआ, वह नरेंद्र मोदी सरकार ने करके दिखाया है। 2014 से लेकर अब तक देश में विकास के जितने कार्य हुए है, उसको देश की जनता भली भांति समझ रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र और असम सरकार के द्वारा विकास को लेकर किए गए कार्यों को विस्तार से गिनाया। वहीं जम्मू कश्मी से 370, 35ए के हटाए जाने, तीन तलाक, अयोध्या मंदिर, असम के बोड़ोलैंड समझौते, सीएए, ब्रू रियांग समस्या का समाधान, असम के 08 उग्रवादी समूहों द्वारा आत्मसमर्पण की घटना का जिक्र करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की प्रशंसा की। अपने संबोधन के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल का अनेकों बार नाम लेते हुए उनके सरकार द्वारा किए गए कार्यों का बखान किया। असम प्रदेश भाजपा की “जन संबोधन (जन संवाद)” नामक वर्जुअल रैली मंगलवार को गुवाहाटी के पांजाबारी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के प्रेक्षागृह में शाम को आयोजित किया गया। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महासचिव राममाधव, असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल समेत भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता, विधायक, सांसद व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए प्रेक्षागृह में दो कुर्सियों के बाद एक कुर्सी पर बैठने व मंच पर भी सामाजिक दूरी क पालन करने के इंतजाम का भी जेपी नड्डा ने सराहना की। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in