us39s-newly-appointed-foreign-minister-also-blamed-china-for-corona
us39s-newly-appointed-foreign-minister-also-blamed-china-for-corona

अमेरिका के नवनियुक्त विदेश मंत्री ने भी कोरोना के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया

अजीत कुमार तिवारी वाशिंगटन, 03 फरवरी (हि. स.)। अमेरिका के नवनियुक्त विदेशी मंत्री टोनी ब्लिंकन ने भी चीन को दुनियाभर में कोरोना के प्रसार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि वायरस के बारे में पारदर्शी तरीके से बीजिंग को विश्व के साथ जानकारी साझा करनी चाहिए। बता दें कि पूर्व विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने भी महामारी के प्रसार के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि अगर समय रहते वायरस के बारे में जानकारी उपलब्ध करा दी जाती तो महामारी को टाला जा सकता था। एक साक्षात्कार में ब्लिंकन ने कहा कि वायरस के बारे में जानकारी साझा करने में चीन विफल रहा है और हमें उसे जवाबदेह ठहराना चाहिए। उन्होंने कहा, 'कोरोना वायरस का सबसे पहले चीन में पता चला, लेकिन वह आज भी विश्व समुदाय को पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहा है। बीजिंग की तरफ बरती जा रही पारदर्शिता की कमी एक गंभीर समस्या है और यह लगातार जारी है।' ब्लिंकन ने कहा कि चीन को वायरस के बारे में जानकारी देने के लिए कदम उठाना होगा और यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उसके द्वारा उपलब्ध कराई जा रही जानकारी पूरी तरह ठीक है। वुहान के पशु रोग निवारण केंद्र में डब्ल्यूएचओ की टीम वायरस की उत्पत्ति का पता लगाने चीन पहुंची डब्ल्यूएचओ की टीम ने मंगलवार को वुहान के पशु रोग निवारण केंद्र का दौरा किया। दल ने हुबेई स्थित पशु अस्पतालों के कर्मचारियों से मुलाकात करने के साथ ही प्रयोगशालाओं का भी दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने पीपीई किट पहन रखी थी। वुहान हुबेई प्रांत की राजधानी है। दल और कहां- कहां गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि बीजिंग ने मीडिया पर कड़ा पहरा लगा रखा है। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in